Advertisement

श्रमिक कल्याण को नई गति, मुख्यमंत्री धामी ने कई जनकल्याणकारी योजनाओं का किया शुभारंभ

By: Naveen Joshi

On: Thursday, July 23, 2026 3:49 PM

Google News
Follow Us

 

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार श्रमिकों के कल्याण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है और उनका उद्देश्य निर्माण श्रमिकों तथा उनके परिवारों का जीवन सुरक्षित, स्वस्थ एवं समृद्ध बनाना है। गुरुवार को मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड भवन एवं सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के लिए कई नई कल्याणकारी योजनाओं का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के अंतर्गत दो अत्याधुनिक मोबाइल मेडिकल वैन को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री पोषण योजना के माध्यम से श्रमिक परिवारों को पोषण सहायता प्रदान की जाएगी, जबकि मुख्यमंत्री शिक्षा सामग्री योजना के तहत श्रमिकों के बच्चों को शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छता अभियान से प्रेरित मुख्यमंत्री स्वच्छता सामग्री वितरण कार्यक्रम के अंतर्गत श्रमिक परिवारों को हाईजीन किट वितरित की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री योग एवं वेलनेस आरोग्य योजना के तहत श्रमिक परिवारों के बच्चों को योग एवं वेलनेस का निःशुल्क आवासीय प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रतिवर्ष 210 छात्र-छात्राओं को इसका लाभ मिलेगा, जबकि तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे 70 युवाओं को प्रशिक्षण के बाद रोजगार से जोड़ने की व्यवस्था भी की गई है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्रमिक स्वास्थ्य परीक्षण योजना के तहत शुरू की गई मोबाइल मेडिकल वैन दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचकर श्रमिकों को कार्यस्थल एवं आवास स्थल पर ही स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराएगी। इन वैन में एक्स-रे, ईसीजी सहित 44 प्रकार की जांचें निशुल्क होंगी। साथ ही टेली-कंसल्टेशन के माध्यम से विशेषज्ञ चिकित्सकों की सलाह तथा तीन माह तक स्वास्थ्य की नियमित निगरानी की सुविधा भी मिलेगी। इसकी शुरुआत पौड़ी गढ़वाल और चंपावत जनपद से की गई है, जिसे चरणबद्ध तरीके से पूरे प्रदेश में लागू किया जाएगा।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “श्रमेव जयते” मंत्र से प्रेरणा लेकर राज्य सरकार श्रमिकों के सम्मान और उत्थान के लिए लगातार कार्य कर रही है। सरकार श्रमिकों को केवल श्रमशक्ति नहीं, बल्कि उत्तराखंड की विकासशक्ति मानती है। इसी सोच के तहत श्रमिकों के बच्चों की शिक्षा, महिला श्रमिकों को मातृत्व सहायता, बेटियों के विवाह के लिए आर्थिक सहयोग, औजार, साइकिल, सिलाई मशीन, आवास निर्माण सहायता तथा वृद्ध श्रमिकों को मासिक पेंशन जैसी अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने सभी पात्र निर्माण श्रमिकों से अपील की कि वे उत्तराखंड भवन एवं सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में अपना पंजीकरण समय-समय पर नवीनीकृत कराते रहें, ताकि सरकार की सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उन्हें निरंतर मिलता रहे।

कार्यक्रम में विधायक उमेश शर्मा काऊ, सविता कपूर, दुर्गेश्वर लाल, राज्य सलाहकार संविदा बोर्ड के अध्यक्ष कैलाश पंत, सतर्कता समिति की अध्यक्ष गीता रावत, उपाध्यक्ष मोहनी पोखरिया, मीडिया सलाहकार समिति के अध्यक्ष प्रो. गोविन्द सिंह, सचिव श्रीधर बाबू अद्यांकी तथा श्रमायुक्त एवं बोर्ड के सचिव पी.सी. दुम्का सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

For Feedback - feedback@example.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related News

November 1, 2026

November 1, 2026

November 1, 2026

November 1, 2026

November 1, 2026

November 1, 2026

Leave a Comment