Advertisement

जिम्मेदार पत्रकारिता से ही बचेगी मीडिया की विश्वसनीयता : बंशीधर तिवारी

By: Naveen Joshi

On: Friday, May 29, 2026 8:24 PM

Google News
Follow Us

 

पद्मश्री डॉ. संजय बोले- ‘फास्ट फूड जैसी हो गई हैं खबरें’

देहरादून , देवभूमि पत्रकार यूनियन (पंजी.) द्वारा पत्रकारिता दिवस की पूर्व संध्या पर  उत्तरांचल प्रेस क्लब सभागार में भव्य एवं विचारोत्तेजक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेशभर के वरिष्ठ पत्रकार, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं विभिन्न संगठनों से जुड़े लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। समारोह में डिजिटल युग में पत्रकारिता की विश्वसनीयता, फेक न्यूज की चुनौती और मीडिया की जिम्मेदारी जैसे गंभीर विषयों पर व्यापक चर्चा हुई।

‘डिजिटल युग में पत्रकारिता की विश्वसनीयता एवं फेक न्यूज की चुनौती’ विषय पर आयोजित गोष्ठी में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे देश के प्रख्यात चिकित्सक, समाजसेवी एवं पद्मश्री डॉ. बी.के.एस. संजय ने आधुनिक पत्रकारिता के बदलते स्वरूप पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि आज की पत्रकारिता “फास्ट फूड” जैसी हो गई है, जहां सबसे पहले खबर दिखाने की होड़ में तथ्यों की गहराई, सत्यता और फैक्ट चेकिंग पीछे छूटती जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्दबाजी में परोसी जा रही अधूरी सूचनाएं समाज के लिए घातक साबित हो सकती हैं।

कार्यक्रम के दूसरे मुख्य अतिथि सूचना महानिदेशक एवं एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि डिजिटल क्रांति ने सूचना के प्रसार को अभूतपूर्व गति दी है, लेकिन इसके साथ ही फेक न्यूज और भ्रामक सूचनाओं का खतरा भी तेजी से बढ़ा है। उन्होंने कहा कि मीडिया की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए जिम्मेदार और तथ्यपरक पत्रकारिता समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।

समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में राज्यमंत्री अशोक वर्मा, राज्यमंत्री श्रीमती विनोद उनियाल तथा कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी मौजूद रहीं। सभी वक्ताओं ने लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए निष्पक्ष एवं जनपक्षीय पत्रकारिता पर जोर दिया।

विषय वक्ता के रूप में राज्यमंत्री डॉ. देवेंद्र भसीन, पूर्व सूचना आयुक्त योगेश भट्ट तथा उत्तरांचल प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजय राणा ने डिजिटल मीडिया के तकनीकी पहलुओं और उसके सामाजिक प्रभावों पर विस्तार से अपने विचार रखे। इसके अलावा पंडित सुभाष जोशी एवं इंजीनियर विनोद कुमार नौटियाल ने भी पत्रकारिता के बदलते स्वरूप और सामाजिक जिम्मेदारियों पर अपने सुझाव दिए।

इस अवसर पर देवभूमि पत्रकार यूनियन द्वारा पत्रकारिता एवं सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभूतियों का सम्मान भी किया गया। भारतीय किसान यूनियन (एकताशक्ति) के प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र दत्त शर्मा सहित विभिन्न पत्रकार संगठनों के वरिष्ठ पत्रकारों एवं समाजसेवियों को अंगवस्त्र, मोतियों की माला और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता देवभूमि पत्रकार यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष अनिल वर्मा ने की, जबकि संचालन प्रदेश महासचिव डॉ. वी.डी. शर्मा ने किया। आयोजन को सफल बनाने में प्रदेश कोषाध्यक्ष शशिकांत मिश्रा, जिला अध्यक्ष हरीश खनेडा, जिला महासचिव नवीन जोशी, जिला कोषाध्यक्ष रजत शर्मा सहित प्रदेशभर से पहुंचे सैकड़ों पत्रकारों की सक्रिय सहभागिता रही।

For Feedback - feedback@example.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment