ऋषिकेश। भूमि और पारिवारिक विवादों में दखल देकर लोगों को डराने-धमकाने, मारपीट, अवैध वसूली और ब्लैकमेलिंग के आरोपों में सक्रिय गिरोह पर ऋषिकेश पुलिस ने शिकंजा कस दिया। खुद को ‘किंग ऑफ उत्तराखंड’ बताकर लोगों पर रौब जमाने वाले गैंग लीडर जगजीत उर्फ जग्गा समेत तीन आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के घर से ‘KING OF उत्तराखण्ड’ लिखा बोर्ड भी बरामद किया है। गिरोह के एक अन्य सदस्य रवि गुप्ता की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर संगठित अपराध में लिप्त लोगों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत ऋषिकेश पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार जगजीत उर्फ जग्गा अपने साथियों के साथ मिलकर भूमि और पारिवारिक विवादों में हस्तक्षेप करता था। विवाद में पक्षकारों को धमकाकर अपने पक्ष में फैसला कराने, फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर वसूली करने और लोगों को ब्लैकमेल करने के आरोप भी गिरोह पर हैं।
पुलिस का दावा है कि आरोपित और उसके साथी कई मामलों में लोगों के घरों में घुसकर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी जैसी गतिविधियों में भी शामिल रहे हैं। गिरोह के प्रभाव और भय के कारण कई लोग शिकायत करने से भी कतराते थे।
पुलिस के मुताबिक वर्ष 2016 से 2026 के बीच जगजीत उर्फ जग्गा और उसके गिरोह के सदस्यों के खिलाफ विभिन्न आपराधिक गतिविधियों से जुड़े 11 अभियोग दर्ज हैं। लगातार आपराधिक गतिविधियों और क्षेत्र में भय का माहौल बनाए जाने के आधार पर पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की रिपोर्ट भेजी थी। सक्षम न्यायालय से अनुमोदन मिलने के बाद कोतवाली ऋषिकेश में मु0अ0सं0 405/2026, धारा 2(ख)(i), 2(ख)(iii)/3 गिरोहबन्द एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
‘किंग ऑफ उत्तराखंड’ का बोर्ड बरामद
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने गैंग लीडर जगजीत उर्फ जग्गा की निशानदेही पर उसके घर से ‘KING OF उत्तराखण्ड’ लिखा बोर्ड बरामद किया। पुलिस के अनुसार आरोपित इस बोर्ड के जरिए अपना प्रभाव और दबदबा प्रदर्शित कर लोगों को भयभीत करने का प्रयास करता था।
तीन गिरफ्तार, एक की तलाश
पुलिस ने गैंग लीडर जगजीत उर्फ जग्गा (39) निवासी मायाकुंड, चंद्रेश्वर मार्ग, ऋषिकेश के अलावा प्रणव उर्फ राघव बत्रा (20) निवासी सोमेश्वर नगर, ऋषिकेश और दीपेश कुमार (27) निवासी कृष्णानगर कॉलोनी, आईडीपीएल क्षेत्र, ऋषिकेश को गिरफ्तार किया है। वहीं, मुकदमे में नामजद रवि गुप्ता निवासी शिवाजी नगर, ऋषिकेश की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।
11 मुकदमों का आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस के अनुसार गिरोह से जुड़े आरोपितों के खिलाफ वर्ष 2016 से 2026 के बीच कुल 11 अभियोग दर्ज हैं। इनमें मारपीट, धमकी, ब्लैकमेलिंग से जुड़ी धाराओं के साथ आबकारी अधिनियम, पॉक्सो अधिनियम और एससी/एसटी अधिनियम से संबंधित मामले भी शामिल हैं। पुलिस इन मुकदमों के आधार पर गिरोह की आपराधिक गतिविधियों की जांच आगे बढ़ा रही है।
बरामदगी: ‘KING OF उत्तराखण्ड’ का बोर्ड।
वांछित: रवि गुप्ता, निवासी शिवाजी नगर, ऋषिकेश।
किंग ऑफ उत्तराखंड’ को पुलिस ने पहुंचाया सलाखों के पीछे
By: Naveen Joshi
On: Sunday, August 23, 2026 4:03 PM













