Prabhat Chingari
उत्तराखंडराजनीती

पुरोला विधानसभा सीट पर बढ़ी राजनीतिक सरगर्मी, महावीर शाह की सक्रियता चर्चा में

 

देहरादून/पुरोला। उत्तराखंड में भले ही विधानसभा चुनाव 2027 में होने हैं, लेकिन राजनीतिक गलियारों में अभी से चुनावी बिगुल बजता दिखाई देने लगा है। भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों में संभावित प्रत्याशियों की फेहरिस्त लंबी होती जा रही है। पुरोला विधानसभा सीट पर भी सियासी हलचल तेज हो चुकी है। वर्तमान में इस सीट से दुर्गेश्वर लाल भाजपा के विधायक हैं, लेकिन पार्टी के भीतर ही कई नए चेहरे आगामी चुनाव के लिए अपनी दावेदारी मजबूत करने में जुट गए हैं।

इसी कड़ी में भाजपा नेता महावीर शाह का नाम तेजी से उभरकर सामने आ रहा है। इन दिनों महावीर शाह ने पुरोला विधानसभा क्षेत्र में मोर्चा संभाल रखा है और जनसंपर्क अभियान के जरिए क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। वे विभिन्न गांवों में आयोजित सामाजिक, सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यक्रमों में शिरकत कर जनता से सीधे संवाद कर रहे हैं। उनकी लगातार बढ़ती सक्रियता और जनसंपर्क को टिकट की दावेदारी के तौर पर देखा जा रहा है।

महावीर शाह का राजनीतिक सफर

महावीर शाह ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत वर्ष 2007 में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के आईटीसी के रूप में स्वयंसेवक बनकर की थी। तब से लेकर अब तक वे संघ के विभिन्न कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभाते आ रहे हैं। वर्तमान में वे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ में मुख्य राजमार्ग प्रमुख 507 जैसे महत्वपूर्ण दायित्व का निर्वहन कर रहे हैं।

वर्ष 2010 से महावीर शाह भाजपा से जुड़े और इसके बाद भाजयुमो सहित प्रदेश संगठन के कई अहम पदों पर कार्य किया। बूथ स्तर से लेकर जिला स्तर तक संगठन को मजबूत करने में उनकी भूमिका रही है। वर्ष 2013 में डीएवी कॉलेज, देहरादून में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रत्याशी को ऐतिहासिक जीत दिलाने में उन्होंने महत्वपूर्ण योगदान दिया। इसके अलावा नैनबाग महाविद्यालय के छात्रसंघ चुनाव में दो बार एबीवीपी प्रभारी रहते हुए परिषद का परचम लहराने में भी उनकी अहम भूमिका रही।

क्या कहते हैं महावीर शाह

भाजपा नेता महावीर शाह का कहना है कि वे लंबे समय से क्षेत्र की सेवा और चुनावी तैयारियों में जुटे हुए हैं। एक निष्ठावान कार्यकर्ता के रूप में पार्टी में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर रहते हुए उन्होंने अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया है। बूथ स्तर से लेकर जनपद स्तर तक संगठन को मजबूत करने के लिए उन्होंने दिन-रात कार्य किया है।

उन्होंने कहा कि चाहे चुनाव हों या पार्टी का कोई अभियान, उन्होंने हमेशा प्रत्याशी को जीत दिलाने के लिए समर्पित भाव से काम किया। क्षेत्र में लगातार भ्रमण के दौरान जनता का समर्थन और आशीर्वाद मिल रहा है। महावीर शाह ने भरोसा जताया कि पार्टी का शीर्ष नेतृत्व उनके लंबे राजनीतिक अनुभव और क्षेत्र में सक्रियता को देखते हुए 2027 विधानसभा चुनाव में उन्हें पार्टी का टिकट देगा।

Related posts

हिंदी भारतीय संस्कृति और सभ्यता की आत्मा…

cradmin

पर्यावरणीय स्वीकृति के बाद सौंग बांध निर्माण का रास्ता साफ: महाराज

prabhatchingari

मां गंगा का पवित्र जल ब्रह्मकुण्ड से कलशों में एकत्रित कर कलश यात्रा को अयोध्या के लिये किया रवाना*

prabhatchingari

वंदे मातरम् के 150 वर्ष: सामूहिक गायन के साथ मुख्यमंत्री धामी ने दिया एकता का संदेश

cradmin

निकाय चुनाव की अधिसूचना जारी, इस दिन होगा मतदान

prabhatchingari

हिमालयी क्षेत्रों में प्रकृति-संलग्न एवं जन-केंद्रित विकास की आवश्यकता : श्री सुबोध उनियाल।

cradmin

Leave a Comment