---Advertisement---

केंद्रीय संचार ब्यूरो का यूआईटी में जनजागरूकता अभियान शुरू

By: Naveen Joshi

On: Thursday, February 12, 2026 6:27 PM

Google News
Follow Us
---Advertisement---

 

देहरादून। उत्तरांचल विश्वविद्यालय (यूआईटी) परिसर में केंद्रीय संचार ब्यूरो, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से आयोजित जनजागरूकता अभियान का शुभारंभ उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। कार्यक्रम में विकासनगर से विधायक मुन्ना सिंह चौहान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि देहरादून कैंट से विधायक सविता कपूर विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुईं।

इस अवसर पर उत्तरांचल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डॉ. धर्म बुढ़ी, उपकुलपति प्रो. डॉ. राजेश बहुगुणा, निदेशक छात्र कल्याण विभाग प्रो. डॉ. कार्तिकेय गौड़ तथा विश्वविद्यालय अध्यक्ष श्री जितेंद्र जोशी भी मौजूद रहे। अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर विभिन्न स्टॉलों के माध्यम से संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ली। स्वास्थ्य विभाग एवं आंगनबाड़ी के स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहे, जहां आगंतुकों को योजनाओं से संबंधित विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।

मुख्य अतिथि विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि खेलों एवं अन्य क्षेत्रों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने महिला सशक्तिकरण को समाज की प्रगति का आधार बताते हुए महिलाओं को सम्मान और समान अवसर देने पर जोर दिया।

अभियान के अंतर्गत दूसरे दिन भाषण एवं नृत्य प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। भाषण प्रतियोगिता में दिव्यांशी ने प्रथम, शुभांगी ने द्वितीय, ईशा मेहता ने तृतीय तथा विशाल वर्मा ने चतुर्थ स्थान प्राप्त किया। प्रतिभागियों ने महिला सशक्तिकरण, सामाजिक जागरूकता और सरकारी योजनाओं जैसे विषयों पर प्रभावशाली विचार रखे।

नृत्य प्रतियोगिता में समूह-3 की निकिता राणा, नेहा धामी, दिया भट्ट, आकांक्षा और वंशिका की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया। समूह-2 की जिया और दिया की जोड़ी द्वितीय स्थान पर रही, जबकि हेमलता, काजल और प्रकृति की टीम तृतीय स्थान पर रही। निर्णायकों ने कोरियोग्राफी, अभिव्यक्ति, समन्वय, मंच प्रस्तुति एवं वेशभूषा के आधार पर प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में प्रशासनिक अधिकारी धर्मपाल, नोडल ऑफिसर (एनएसएनएल कार्यक्रम अधिकारी) गोपेश बिष्ट, आनंद सिंह, पीयूष, राहुल, हेमंत कुमार एवं दीवान सिंह का विशेष सहयोग रहा। मंच संचालन का दायित्व योगेंद्र पोली ने निभाया।

आयोजकों के अनुसार अभियान का उद्देश्य युवाओं को सामाजिक सरोकारों से जोड़ना तथा केंद्र सरकार की जनहितकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही, जिससे परिसर में उत्साह और जागरूकता का माहौल बना रहा।

For Feedback - feedback@example.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment