---Advertisement---

युवती की नृशंस हत्या मामले में SIT की त्वरित कार्रवाई, अभियुक्त के विरुद्ध तीन दिन में चार्जशीट दाखिल

By: Naveen Joshi

On: Thursday, February 5, 2026 8:03 PM

Google News
Follow Us
---Advertisement---

 

देहरादून। कोतवाली नगर क्षेत्रान्तर्गत दिनांक 02 फरवरी 2026 को घटित युवती की नृशंस हत्या के मामले में देहरादून पुलिस ने त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए अभियुक्त आकाश पुत्र कोमल राम, निवासी 46-मन्नूगंज, खुडबुड़ा मोहल्ला, कोतवाली नगर, देहरादून को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार भेज दिया गया।

घटना की गंभीरता एवं संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा पुलिस अधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण में एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया। SIT को निर्देशित किया गया कि अभियोग की विवेचना वैज्ञानिक, निष्पक्ष एवं समयबद्ध तरीके से करते हुए अभियुक्त के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

SIT द्वारा घटनास्थल एवं उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का सूक्ष्म विश्लेषण किया गया। घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम को बुलाकर वैज्ञानिक पद्धति से साक्ष्य संकलन किया गया। अभियुक्त द्वारा घटना में प्रयुक्त स्कूटी को कब्जे में लेते हुए उसके आवागमन मार्ग का चार्ट तैयार किया गया। साथ ही घटनास्थल पर मौजूद चश्मदीदों एवं अन्य महत्वपूर्ण गवाहों के तत्काल बयान दर्ज किए गए।

विवेचना के दौरान अभियुक्त से घटना में प्रयुक्त चापड़, घटना के समय पहने गए कपड़े, जूते एवं हेलमेट, जिन पर मृतका का रक्त लगा हुआ था, तथा मृतका के कपड़ों को विधि विज्ञान प्रयोगशाला जांच हेतु भेजा गया। मृतका का पोस्टमार्टम विशेषज्ञ डॉक्टरों के पैनल द्वारा कराया गया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट, चश्मदीदों के बयान, सीसीटीवी फुटेज, भौतिक एवं फोरेंसिक साक्ष्यों को ई-साक्ष्य के रूप में विवेचना में सम्मिलित करते हुए मात्र 03 दिनों के भीतर SIT द्वारा विवेचना पूर्ण की गई। अभियोग में कुल 35 गवाहों को शामिल करते हुए अभियुक्त के विरुद्ध आरोप पत्र न्यायालय में प्रेषित किया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने स्पष्ट किया कि यह मामला “Rarest of Rare” की श्रेणी में आता है तथा देहरादून पुलिस द्वारा फास्ट ट्रैक कोर्ट में प्रभावी जिरह करते हुए अभियुक्त को कठोरतम सजा दिलाने के लिए सशक्त पैरवी की जाएगी।

 

For Feedback - feedback@example.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment