देहरादून, राष्ट्रीय लोकदल खेल प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व राज्यमंत्री चौधरी नीरपाल सिंह ने कहा कि संगठन ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है और मिशन 2027 को सफल बनाने के लिए उत्तराखंड के प्रत्येक जिले में संगठन का तेजी से विस्तार किया जा रहा है।
देहरादून स्थित उज्जवल रेस्टोरेंट में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान मीनाक्षी कश्यप, एडवोकेट तनिशा एवं पूनम अग्रवाल ने राष्ट्रीय लोकदल की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी नेताओं ने उन्हें पटका पहनाकर स्वागत किया तथा संगठन में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर चौधरी नीरपाल सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल खेल प्रकोष्ठ बूथ स्तर से लेकर जिला स्तर तक मजबूत कमेटियों का गठन कर पार्टी को जमीनी स्तर पर सशक्त करेगा। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न चौधरी चरण सिंह की किसान, मजदूर एवं ग्रामीण हितों पर आधारित विचारधारा को पूरे उत्तराखंड में जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि संगठन को और अधिक मजबूती प्रदान करने के उद्देश्य से अगले माह देहरादून में एक विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसके बाद प्रदेश के सभी जिलों में चरणबद्ध तरीके से कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित कर पार्टी को मजबूत किया जाएगा।
प्रेस वार्ता में पार्टी के वरिष्ठ नेता मुकेश चौधरी, योगेश प्रताप सिंह, भारतीय किसान यूनियन एकता शक्ति के प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा, राजदीप, राज छाबड़ा, सूर्य प्रकाश, वरुण छाबड़ा सहित अनेक कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे।






