Advertisement

एसआईआर अभियान में तेजी, तीन दिन में 19 लाख से अधिक गणना फार्म वितरित

By: Naveen Joshi

On: Wednesday, June 10, 2026 6:30 PM

Google News
Follow Us

 

देहरादून। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने  सचिवालय में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक की। समीक्षा के दौरान उन्होंने प्रदेश में गणना फार्म वितरण की स्थिति का जायजा लिया तथा कम प्रगति वाले जनपदों को अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने देहरादून, नैनीताल एवं ऊधमसिंह नगर जनपदों में गणना फार्म वितरण की अपेक्षाकृत धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए। वहीं, सर्वाधिक गणना फार्म वितरित करने वाले चम्पावत, अल्मोड़ा एवं पिथौरागढ़ जनपदों की सराहना करते हुए उनके कार्यों को अन्य जिलों के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

डॉ. पुरुषोत्तम ने निर्देश दिए कि शहरी क्षेत्रों में आवासीय कॉलोनियों, सार्वजनिक स्थलों एवं अन्य प्रमुख स्थानों पर व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिकाधिक मतदाताओं तक पहुंच सुनिश्चित की जाए। उन्होंने बीएलओ के साथ तैनात आईटी वालंटियर्स, बूथ अवेयरनेस ग्रुप तथा अन्य सहयोगी तंत्र की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

समीक्षा बैठक में बताया गया कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तीसरे दिन बुधवार दोपहर तक प्रदेश में 19 लाख से अधिक मतदाताओं को गणना फार्म वितरित किए जा चुके हैं। यह संख्या प्रदेश के कुल मतदाताओं का लगभग 24 प्रतिशत है।

बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चन्द्र दुम्का, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास सहित सभी जनपदों के जिलाधिकारी वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।

 

For Feedback - feedback@example.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment