Advertisement

SIR अभियान पर प्रशासन और राजनीतिक दलों के बीच हुई विस्तृत चर्चा

By: Naveen Joshi

On: Tuesday, May 19, 2026 7:19 AM

Google News
Follow Us

 

चमोली ( प्रदीप लखेड़ा )

चमोली जनपद के जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन को लेकर बीएलए-01 एवं मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में एस आई आर कार्यक्रम को पारदर्शी, समयबद्ध एवं त्रुटिरहित ढंग से संपादित करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।जिलाधिकारी ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम निर्वाचक नामावली में शामिल करना तथा अपात्र, मृत, स्थानांतरित एवं डुप्लीकेट प्रविष्टियों को हटाकर मतदाता सूची को शुद्ध एवं विश्वसनीय बनाना है।

बैठक में बताया गया कि 08 जून 2026 से 07 जुलाई 2026 तक बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर Enumeration Form वितरित किए जाएंगे तथा मतदाताओं को फार्म भरने संबंधी जानकारी दी जाएगी। बीएलओ द्वारा मतदाताओं को फार्म भरने में सहायता भी प्रदान की जाएगी। यदि किसी घर पर ताला बंद मिलेगा तो बीएलओ वहां गणना प्रपत्र छोड़ेंगे तथा उसे प्राप्त करने के लिए तीन बार भ्रमण करेंगे।

मतदाता स्वयं भी गणना प्रपत्र ऑनलाइन डाउनलोड एवं अपलोड कर सकते हैं, जिनका सत्यापन बीएलओ द्वारा किया जाएगा। प्रत्येक मतदाता को स्वः सत्यापित प्रपत्र अनिवार्य रूप से जमा करना होगा।उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐनुमैरेशन फेज के दौरान कोई दस्तावेज एकत्र नहीं किए जाएंगे। इस चरण में केवल सत्यापन एवं लिंकिंग का कार्य होगा।आवश्यकता पड़ने पर बाद की प्रक्रिया में संबंधित अधिकारियों द्वारा दस्तावेज प्राप्त किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि यदि कोई मतदाता गणना प्रपत्र जमा नहीं करता है, तो बीएलओ स्थानीय जांच के आधार पर उसे अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत अथवा डुप्लीकेट के रूप में चिन्हित करेंगे। ऐसे मतदाताओं की सूची पंचायत भवन, नगरीय निकाय कार्यालय एवं डीईओ वेबसाइट पर प्रकाशित की जाएगी।बैठक में यह भी बताया गया कि आधार कार्ड केवल पहचान प्रमाण के रूप में मान्य होगा, नागरिकता प्रमाण के रूप में नहीं तथा आधार संख्या देना वैकल्पिक रहेगा।

जिलाधिकारी ने बताया कि 14 जुलाई 2026 को निर्वाचक नामावली का अनंतिम प्रकाशन किया जाएगा। इसके बाद 14 जुलाई से 13 अगस्त 2026 तक दावा एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। इस दौरान फार्म-6, फार्म-7 एवं फार्म-8 के माध्यम से नाम जोड़ने, संशोधन एवं विलोपन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।उन्होंने राजनीतिक दलों से प्रत्येक मतदेय स्थल पर बीएलओ के सहयोग हेतु बीएलए-2 नियुक्त करने तथा मतदाताओं को SIR कार्यक्रम के प्रति जागरूक करने की अपील की।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तराखण्ड के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों से समय सीमा के भीतर बीएलए-2 नियुक्तियां पूर्ण करने को कहा।उन्होंने यह भी कहा कि जिन पात्र व्यक्तियों का नाम वर्तमान मतदाता सूची में दर्ज नहीं है अथवा हट गया है, वे फार्म-6 एवं घोषणा पत्र भरकर अपना नाम पुनः दर्ज करा सकते हैं।

बैठक में आम आदमी पार्टी से अनूप सिंह रावत, भारतीय जनता पार्टी से राकेश जोशी, गजेंद्र सिंह रावत एवं विनोद नेगी, कांग्रेस से मदन लोहानी, खिलाफ सिंह बिष्ट एवं ईश्वरी प्रसाद मैखुरी, बहुजन समाज पार्टी से खेमराम कोटियाल, उपजिला निर्वाचन अधिकारी विवेक प्रकाश, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी डीसी सती, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी गीताराम उनियाल सहित अन्य अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।

For Feedback - feedback@example.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment