---Advertisement---

भजनों, तिलक और गुलाल के साथ मनाई गई आध्यात्मिक होली

By: Naveen Joshi

On: Friday, February 27, 2026 3:49 PM

Google News
Follow Us
---Advertisement---

देहरादून। सत्य साई सेवा संगठन की सत्य साई मंदिर सुभाष नगर शाखा, द्वारा होली मिलन कार्यक्रम का भव्य एवं आध्यात्मिक आयोजन हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, महिलाओं एवं मंदिर समिति के सदस्यों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान सत्य साई बाबा के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं मंगलाचरण के साथ किया गया। इसके उपरांत श्रद्धालुओं द्वारा बाबा के भजनों का सामूहिक रूप से भावपूर्ण गुणगान किया गया। भजनों की मधुर स्वर लहरियों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा और उपस्थित श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर दिखाई दिए।

भजन संध्या के पश्चात फागुन माह की उमंग और उल्लास को दर्शाते पारंपरिक होली गीत प्रस्तुत किए गए। श्रद्धालुओं ने “फागुन आयो रे” जैसे लोकगीतों पर सामूहिक नृत्य कर उत्सव की खुशियों को साझा किया। इस अवसर पर बाबा को तिलक अर्पित कर होली उत्सव का विधिवत शुभारंभ किया गया। तत्पश्चात सभी ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर प्रेम, सौहार्द और भाईचारे का संदेश दिया।

कार्यक्रम में आध्यात्मिक संदेश भी दिया गया कि होली केवल रंगों का पर्व नहीं, बल्कि मन के विकारों को त्यागकर प्रेम, करुणा और सद्भाव को अपनाने का अवसर है। वक्ताओं ने कहा कि बाबा के जीवन से प्रेरणा लेकर समाज में सेवा, समर्पण और मानवता की भावना को सशक्त करना ही सच्ची होली है।

अंत में सामूहिक आरती संपन्न हुई तथा प्रसाद वितरण किया गया। इस अवसर पर राधा बल्लभ, सुमन सहगल, शोभा, प्रीति जोशी, बीना शर्मा, सुषमा थापा, मेघा, हिमानी पांडे, बबीता, गंगा, सुषमा कश्यप सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं मंदिर समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम ने समाज में आध्यात्मिक चेतना, एकता और भाईचारे का संदेश प्रसारित किया तथा सभी ने आगामी सेवा गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता का संकल्प लिया।

For Feedback - feedback@example.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment