देहरादून,कांवड़ मेले के अंतिम सोमवार के अवसर पर, रायवाला एवं ऋषिकेश क्षेत्र में भारी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं के मध्य पुलिस व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने पहुंचे वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून द्वारा श्रद्धालुओं के प्रति भावनात्मक व सेवाभावी दृष्टिकोण प्रदर्शित किया गया।
एसएसपी देहरादून ने कांवड़ यात्रा में सम्मिलित श्रद्धालुओं को फूल-मालाएं पहनाकर उनका आत्मीय स्वागत किया। साथ ही, सभी श्रद्धालुओं को मिष्ठान एवं पेय पदार्थ वितरित कर उनकी सुगम, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण यात्रा के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
इस अवसर पर एसएसपी द्वारा श्रद्धालुओं से उनकी यात्रा के अनुभवों को भी साझा करने का अनुरोध किया गया। श्रद्धालुओं ने देहरादून पुलिस की मित्रवत कार्यशैली और सेवा-भाव से प्रभावित होकर उत्तराखण्ड पुलिस की प्रशंसा करते हुए दून पुलिस का आभार प्रकट किया।
दून पुलिस का यह सेवा भाव न केवल जनसहयोग का उदाहरण है, बल्कि उत्तराखण्ड पुलिस की मानवीय और संवेदनशील कार्यशैली को भी उजागर करता है।





