---Advertisement---

उत्तराखंड में त्योहारों पर मिलावटखोरों के खिलाफ सख़्ती

By: Naveen Joshi

On: Sunday, September 28, 2025 6:56 PM

Google News
Follow Us
---Advertisement---

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर प्रदेशभर में एफडीए का विशेष अभियान जारी

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के स्पष्ट निर्देश पर त्योहारी सीजन में मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने के लिए प्रदेशभर में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की ओर से विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

स्वास्थ्य सचिव एवं आयुक्त खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि आमजन को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी जिलों के अधिकारियों को सख़्त निर्देश दिए हैं कि खाद्य कारोबार में लापरवाही और मिलावट करने वालों के खिलाफ किसी भी हाल में कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

कुमाऊँ मंडल में सघन कार्रवाई
कुमाऊँ मण्डल के नैनीताल, ऊधमसिंह नगर, अल्मोड़ा, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और चम्पावत जिलों में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान लगभग 200 खाद्य नमूने जांच हेतु संग्रहित किए गए। निरीक्षण में 100 किलो से अधिक अनुचित खाद्य सामग्री जब्त कर नष्ट की गई।

कुल 252 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया और दोषी पाए गए कारोबारियों पर विधिक कार्रवाई की गई। साथ ही लगभग 180 कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा संबंधी प्रशिक्षण भी दिया गया। नवरात्रि को देखते हुए व्यापारिक संगठनों के बीच जन-जागरूकता गोष्ठियां आयोजित कर शुद्ध एवं गुणवत्तापरक खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने पर बल दिया गया।

गढ़वाल मंडल में निरीक्षण और सैंपलिंग
गढ़वाल मण्डल में 27 सितम्बर को बड़े पैमाने पर निरीक्षण और सैंपलिंग की गई। उत्तरकाशी में 08 निरीक्षण व 02 नमूने, टिहरी में 02 निरीक्षण, रुद्रप्रयाग में 03 निरीक्षण, चमोली में 04 निरीक्षण किए गए।

देहरादून जिले में 03 निरीक्षण और 02 नमूने, हरिद्वार में 02 निरीक्षण तथा पौड़ी में 03 निरीक्षण किए गए। श्रीनगर में सबसे बड़ी कार्रवाई हुई, जहां 18 निरीक्षण कर 11 नमूने एकत्र किए गए। इसके अलावा नैनीताल (गढ़वाल सीमा क्षेत्र) से भी 02 नमूने लिए गए।

हरिद्वार (भगवानपुर) में नकली पनीर पर छापा
त्योहारी सीजन में मिलावट की शिकायतों पर हरिद्वार जिले के भगवानपुर ब्लॉक के नन्हेड़ा अनंतपुर गांव में 27 सितम्बर की शाम खाद्य सुरक्षा एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने छापामार कार्रवाई की।

कार्रवाई का नेतृत्व उपायुक्त गढ़वाल मंडल राजेन्द्र सिंह रावत ने किया। उनके साथ अभिहित अधिकारी हरिद्वार महिमानंद जोशी, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगेन्द्र पांडे (रुड़की), खाद्य सुरक्षा अधिकारी पवन कुमार (भगवानपुर) एवं पुलिस बल मौजूद रहा।

निरीक्षण में कारोबारी आलिम ने कबूल किया कि वह मिल्क पाउडर व वनस्पति तेल से पनीर तैयार कर उसे जमाने के लिए एसिड का प्रयोग करता है, जो स्वास्थ्य के लिए अत्यंत हानिकारक है। मौके से दो पनीर एवं एक दूध का नमूना जांच हेतु प्रयोगशाला भेजा गया है। प्रतिष्ठान के खिलाफ विधिक कार्यवाही जारी है।

सरकार का सख़्त संदेश
स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने स्पष्ट किया कि त्योहारी सीजन में मिलावटखोरों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। अभियान प्रदेशभर में कड़ाई से जारी रहेगा ताकि आमजन तक केवल शुद्ध, सुरक्षित एवं गुणवत्तापरक खाद्य सामग्री ही पहुँच सके।

 

For Feedback - feedback@example.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment