---Advertisement---

श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय में सांस्कृतिक सप्ताह का जोरदार आग़ाज़

By: Naveen Joshi

On: Wednesday, February 4, 2026 7:35 PM

Google News
Follow Us
---Advertisement---

देहरादून। श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय में बुधवार को सांस्कृतिक उल्लास, रचनात्मकता और छात्र ऊर्जा का भव्य संगम देखने को मिला। विश्वविद्यालय परिसर में 4 से 7 फरवरी तक आयोजित होने वाले सांस्कृतिक सप्ताह का शुभारंभ पूरे उत्साह और धूमधाम के साथ हुआ। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर सहभागिता करते हुए अपनी सांस्कृतिक, कलात्मक और रचनात्मक प्रतिभाओं का शानदार प्रदर्शन किया।

सांस्कृतिक सप्ताह के शुभारंभ अवसर पर विश्वविद्यालय के माननीय प्रेसिडेंट श्रीमहंत देवेंद्र दास जी महाराज ने आयोजन से जुड़े सभी आयोजकों और प्रतिभागियों को शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

बुधवार को विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम में आयोजित उद्घाटन समारोह में कुलपति प्रो. (डॉ.) के. प्रतापन ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल अकादमिक ज्ञान तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि सांस्कृतिक गतिविधियाँ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में अहम भूमिका निभाती हैं। ऐसे आयोजन छात्रों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, रचनात्मक सोच और सामाजिक मूल्यों को सुदृढ़ करते हैं।

विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. लोकेश गंभीर ने कहा कि एसजीआरआर विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ सह-शैक्षणिक गतिविधियों में निरंतर आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करता है, जिससे उनमें संगठन, अनुशासन और टीमवर्क की भावना विकसित होती है।

डीन स्टूडेंट वेलफेयर प्रो. (डॉ.) मालविका सती कांडपाल ने बताया कि सांस्कृतिक सप्ताह के अंतर्गत नृत्य, संगीत, फैशन शो, रंगोली, बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट एवं फूड फेस्ट सहित कई रोचक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है।

सांस्कृतिक सप्ताह के पहले दिन आयोजित फैशन शो में देश के विभिन्न राज्यों की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की मनोहारी झलक देखने को मिली, जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न संकायों के छात्रों में विशेष उत्साह और उमंग दिखाई दी।

इस अवसर पर सांस्कृतिक समिति की चेयरपर्सन डॉ. प्रिया पांडे, चीफ प्रॉक्टर डॉ. गणराजन, विश्वविद्यालय के सभी स्कूलों के डीन, विभागाध्यक्ष, शिक्षकगण एवं हजारों की संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में ईशा शर्मा द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया।

For Feedback - feedback@example.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment