देहरादून/वेरावल (गुजरात), देवभूमि उत्तराखंड से निकली “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” यात्रा बुधवार, 15 जुलाई 2026 को प्रातः 6:30 बजे गुजरात के ऐतिहासिक एवं पवित्र तीर्थस्थल वेरावल (सोमनाथ) रेलवे स्टेशन पहुंची। यात्रा के आगमन पर गुजरात सरकार के युवा एवं संस्कृति विभाग द्वारा तीर्थयात्रियों का पारंपरिक भारतीय संस्कृति के अनुरूप भव्य एवं आत्मीय स्वागत किया गया।
स्टेशन परिसर में गुजरात की समृद्ध लोक संस्कृति की झलक प्रस्तुत करते हुए कलाकारों ने आकर्षक गरबा नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी। ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक वाद्ययंत्रों की मधुर ध्वनि के बीच पुष्प वर्षा कर श्रद्धालुओं का अभिनंदन किया गया। पूरे स्टेशन परिसर में आध्यात्मिक उल्लास, उत्साह और सांस्कृतिक सौहार्द का वातावरण देखने को मिला।
स्वागत कार्यक्रम में गुजरात सरकार के युवा एवं संस्कृति विभाग के अधिकारी, स्थानीय प्रशासन, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने उत्तराखंड से आए श्रद्धालुओं का गर्मजोशी के साथ स्वागत करते हुए उन्हें सोमनाथ धाम की यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं।
तीर्थयात्रियों ने गुजरात सरकार द्वारा किए गए इस भव्य स्वागत के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह केवल उनका स्वागत नहीं, बल्कि देवभूमि उत्तराखंड की आस्था, संस्कृति और श्रद्धा का सम्मान है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन देश की सांस्कृतिक एकता, आध्यात्मिक विरासत और “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” की भावना को और अधिक सुदृढ़ करते हैं।
उल्लेखनीय है कि “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” यात्रा का उद्देश्य भारत की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत, धार्मिक आस्था और राष्ट्रीय एकता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। यात्रा के दौरान श्रद्धालु भगवान सोमनाथ के दर्शन एवं पूजा-अर्चना कर देश की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना करेंगे।









