---Advertisement---

भक्ति-ज्ञान-वैराग्य का संदेश, आचार्य पावन नंदन जी महाराज के प्रवचनों से सराबोर रहा क्षेत्र

By: Naveen Joshi

On: Saturday, April 4, 2026 8:32 PM

Google News
Follow Us
---Advertisement---

देहरादून। सुभाष नगर स्थित सेठ पन्नालाल ग्राउंड में चल रहे श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के द्वितीय दिवस पर पूरा क्षेत्र भक्ति, श्रद्धा और दिव्य आध्यात्मिक वातावरण में डूबा नजर आया। सुबह से ही कथा पंडाल में महिलाओं, युवाओं तथा बुजुर्गों सहित श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।

कथा वाचक आचार्य पावन नंदन जी महाराज ने अपने ओजस्वी एवं मधुर प्रवचनों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। उन्होंने श्रीमद्भागवत के महत्वपूर्ण प्रसंग — शुकदेव जी के आगमन — का मार्मिक वर्णन करते हुए कहा कि यह केवल एक ऐतिहासिक घटना नहीं, अपितु आत्मा के परमात्मा से मिलन का प्रतीक है। जब मनुष्य मोह-माया से ऊपर उठ जाता है, तभी वह ईश्वर के वास्तविक स्वरूप का अनुभव कर सकता है। आचार्य जी ने कपिल मुनि और माता देवहूति के संवाद का विस्तार से उल्लेख करते हुए इसे मानव जीवन के लिए मार्गदर्शक बताया। उन्होंने कहा कि इस संवाद में भक्ति, ज्ञान और वैराग्य के माध्यम से आत्मा की शुद्धि एवं मोक्ष प्राप्ति का स्पष्ट मार्ग दर्शाया गया है। सच्ची भक्ति केवल पूजा-अर्चना तक सीमित नहीं है, बल्कि व्यक्ति के व्यवहार, विचार और दैनिक जीवन में परिलक्षित होनी चाहिए। प्रवचन में आचार्य पावन नंदन जी महाराज ने जोर देकर कहा कि जब मनुष्य अपने भीतर से अहंकार, लोभ और द्वेष को समाप्त कर देता है, तभी वास्तविक भक्ति का उदय होता है। भक्ति न केवल आध्यात्मिक उन्नति का माध्यम है, बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का आधार भी बनती है।

सामाजिक समरसता पर बल देते हुए उन्होंने कहा, “सच्चा धर्म वही है जो सभी को जोड़ने का कार्य करे। जाति, वर्ग, भाषा और क्षेत्रीय भेदभाव से ऊपर उठकर सभी में परमात्मा का दर्शन करना ही सच्ची भक्ति है। इससे समाज में शांति, सद्भाव और समृद्धि का मार्ग प्रशस्त होता है।”

कथा पंडाल को भव्य रूप से सजाया गया था, जिससे श्रद्धालुओं को दिव्य अनुभूति हुई। आयोजन समिति ने बैठने, स्वच्छता और प्रसाद वितरण की उत्तम व्यवस्था की थी। स्वयंसेवक पूरे समय सेवा कार्यों में सक्रिय रहे।

कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे आगामी दिनों में भी अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कथा का श्रवण करें और अपने जीवन को धर्ममय बनाएं। समिति के संरक्षक विनोद राई ने बताया कि द्वितीय दिवस के यजमान के रूप में मीना जैरथ ने सभी धार्मिक अनुष्ठानों में श्रद्धापूर्वक भाग लिया। कथा सेवा या अन्य धार्मिक कार्यों में भाग लेने के इच्छुक श्रद्धालु समिति से संपर्क कर सकते हैं। इस अवसर पर अध्यक्ष प्रेम सिंह भंडारी  उपाध्यक्ष अभिषेक परमार, महासचिव नवीन जोशी, कोषाध्यक्ष के. एन. लोहनी, सुमित मेहता, बृज किशोर यादव, मीडिया प्रभारी गणेश सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।  गणमान्य नागरिकों मालती राई, प्रमिला नेगी, कादंबरी शर्मा, तारा राई, ममता राई, रेखा यादव, दीपक गोसाईं, धन सिंह फर्त्याल, प्रदीप राई सहित सैकड़ों श्रद्धालुओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

For Feedback - feedback@example.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment