Advertisement

, ,

फूलों की वर्षा से सजी गुरु की नगर परिक्रमा, जयकारों से गूंजा पूरा दून

By: Naveen Joshi

On: Tuesday, March 10, 2026 7:47 PM

Google News
Follow Us
------

 

देहरादून। दरबार श्री गुरु राम राय जी महाराज,  सज्जादे गद्दीनशीन श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज की अगुआई में मंगलवार को ऐतिहासिक नगर परिक्रमा भव्य श्रद्धा और उल्लास के साथ निकाली गई। नगर परिक्रमा में लगभग 25 हजार से अधिक संगतों ने भाग लिया। श्री दरबार साहिब परिसर से सुबह 7:30 बजे नगर परिक्रमा का शुभारंभ हुआ। मार्ग में जहां-जहां से नगर परिक्रमा गुजरी, वहां दूनवासियों ने संगतों का पुष्पवर्षा कर जोरदार स्वागत किया और वातावरण श्री गुरु राम राय जी महाराज तथा श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज के जयकारों से गूंज उठा।

सिद्धयोगी श्री गुरु राम राय जी महाराज के जन्मदिवस (श्री झण्डे जी आरोहण के तीसरे दिन) पर आयोजित होने वाली यह ऐतिहासिक नगर परिक्रमा हर वर्ष श्रद्धा और आस्था का विशेष केंद्र रहती है। नगर परिक्रमा के स्वागत के लिए दूनवासी पूरे वर्ष प्रतीक्षा करते हैं। इस अवसर पर नगर परिक्रमा के मार्ग पर जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा भव्य स्वागत, लंगर और जलपान की व्यवस्था की गई। भजन-कीर्तन के बीच संगतें गुरु की भक्ति में लीन रहीं तथा श्रद्धालुओं को श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज का आशीर्वाद प्राप्त हुआ।

नगर परिक्रमा श्री दरबार साहिब से प्रारंभ होकर कांवली रोड होते हुए श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल, बिंदाल पहुंची, जहां संगतों को चने, मुरमुरे और गुड़ का प्रसाद वितरित किया गया। इसके बाद परिक्रमा तिलक रोड, टैगोर विला होते हुए घण्टाघर पहुंची। घण्टाघर पर नगर परिक्रमा के पहुंचते ही पूरा वातावरण श्रद्धा और भक्ति से सराबोर हो गया। ढोल की थाप और गुरु भक्ति के जयकारों के बीच दूनवासियों ने फूलों की वर्षा कर संगतों का हृदय से स्वागत किया। इस अद्भुत दृश्य का साक्षी बनने के लिए हजारों श्रद्धालु घण्टाघर और आसपास के क्षेत्रों में मौजूद रहे।

नगर परिक्रमा घण्टाघर से पल्टन बाजार होते हुए लक्खीबाग पुलिस चौकी के सामने से रीठा मंडी पहुंची और वहां से श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल, बॉम्बे बाग पहुंची, जहां संगतों को गन्ने का प्रसाद वितरित किया गया। इसके पश्चात संगतें समाधि स्थल श्रीमहंत साहिबान पर माथा टेकने पहुंचीं। दोपहर 11:45 बजे नगर परिक्रमा पुनः श्री दरबार साहिब पहुंचकर सम्पन्न हुई।

नगर परिक्रमा के दौरान मार्ग भर गुरु भक्ति के भजन गूंजते रहे, जिन पर संगतों ने उत्साहपूर्वक नृत्य किया। ढोल की थाप और गुरु सिमरन के साथ संगतें गुरु के रंग में रंगी नजर आईं।

दूनवासियों के प्रेम और सद्भाव से भाव-विभोर हुई संगतें: श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज

दरबार श्री गुरु राम राय जी महाराज, देहरादून के सज्जादे गद्दीनशीन श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने कहा कि ऐतिहासिक नगर परिक्रमा में शामिल होने के लिए देश-विदेश से बड़ी संख्या में संगतें देहरादून पहुंचती हैं। उन्होंने कहा कि दूनवासियों ने ‘अतिथि देवो भवः’ की परंपरा को निभाते हुए संगतों का जिस आत्मीयता, प्रेम और सद्भावना के साथ स्वागत किया, उससे संगतें अत्यंत भाव-विभोर हुई हैं।

उन्होंने कहा कि हर वर्ष दूनवासियों द्वारा जिस प्रेम, सम्मान और अपनत्व के साथ संगतों का स्वागत किया जाता है, उसी स्नेह को पाने के लिए संगतें बड़ी संख्या में देहरादून आती हैं। यह मेला केवल धार्मिक आयोजन ही नहीं, बल्कि प्रेम, भाईचारे और सद्भाव का प्रतीक भी है।

श्रीमहंत जी ने श्री झण्डे जी मेले के सफल आयोजन तथा संगतों को मिले प्रेम, सम्मान और सेवा-भाव के लिए समस्त दूनवासियों का हृदय से आभार व्यक्त किया। साथ ही पुलिस प्रशासन, जिला प्रशासन, नगर निगम, मीडियाकर्मियों और सभी नगरवासियों के सहयोग के लिए विशेष धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि श्री गुरु राम राय जी महाराज का आशीर्वाद और कृपा सभी पर सदैव बनी रहे।

अन्य राज्यों से आई संगतें लौटीं

श्री दरबार साहिब में खुशी का प्रसाद वितरित होने के बाद मंगलवार को अन्य राज्यों से आई अधिकांश संगतें अपने गृह जनपदों के लिए रवाना हो गईं।

नगर परिक्रमा के दौरान पूरे मार्ग में गुरु भक्ति के भजन गूंजते रहे और संगतें उल्लास और श्रद्धा के साथ गुरु की भक्ति में लीन दिखाई दीं। ढोल की थाप पर संगतों ने नृत्य किया और वातावरण भक्तिमय बना रहा।

 

Static 1 Static 1

Naveen Joshi

For Feedback - feedback@example.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related News

Leave a Comment