Advertisement

नृत्य के रंगों में सजा तीजोत्सव, थिरके कदम तो तालियों से गूंज उठा सभागार

By: Naveen Joshi

On: Monday, August 10, 2026 11:15 AM

Google News
Follow Us

 

देहरादून। सावन की रिमझिम फुहारों, लोकगीतों की मधुर धुन और नृत्य की मनमोहक भाव-भंगिमाओं के बीच नूपुर डांस अकादमी एवं अमर शहीद रघुनंदन शर्मा मेमोरियल फाउंडेशन के तत्वावधान में तीजोत्सव-2026 का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भारतीय संस्कृति, लोक परंपरा और नृत्य की विविध विधाओं का ऐसा संगम देखने को मिला कि पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. गीता खन्ना, अध्यक्षा, बाल संरक्षण आयोग, उत्तराखंड, विशिष्ट अतिथि प्रख्यात कवयित्री  महिमा , निर्णायक एवं सुविख्यात नृत्यांगना श्रीमती अर्चना सिंघल, नूपुर डांस अकादमी की निदेशक एवं अमर शहीद रघुनंदन शर्मा मेमोरियल फाउंडेशन की राष्ट्रीय अध्यक्षा एडवोकेट नूपुर शर्मा गुप्ता तथा संस्था के राष्ट्रीय सचिव इंजीनियर आराध्य कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद संस्था की कार्यकारिणी ने वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया। इंजीनियर आराध्य कुमार ने प्रतिभागियों को प्रतियोगिता के नियमों एवं निर्णयन के आधारों की जानकारी दी।

लोक से बॉलीवुड तक बिखरे नृत्य के रंग

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की शुरुआत शिक्षाविद् श्रीमती कल्पना जोशी ने ‘आई बरखा बहार’ गीत पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुति से की। एकता गुप्ता ने ‘शहरी बाबू दिल लहरी बाबू’ तथा सविता गुप्ता ने ‘कारे-कारे बादरा मेरी अटरिया’ पर भावपूर्ण प्रस्तुति देकर दर्शकों की खूब वाहवाही लूटी।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण संस्था की निदेशक एडवोकेट नूपुर शर्मा गुप्ता की बहुविध नृत्य प्रस्तुति रही। उन्होंने चार अलग-अलग नृत्य विधाओं का सुंदर समन्वय प्रस्तुत करते हुए ‘ठाडे रहियो ओ बांके यार रे’ के माध्यम से शास्त्रीय शैली, ‘जा रे जा ओ हरजाई’ पर बॉलीवुड, ‘मेरा बालम थानेदार’ पर हरियाणवी तथा ‘काली तेरी चोटी है’ पर पंजाबी नृत्य की मनमोहक छटा बिखेरी। उनकी प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और सभागार देर तक तालियों से गूंजता रहा।

इसके बाद स्वाति सिंह ने फ्यूजन नृत्य ‘झुमका गिरा रे’ तथा सीता देवी ने गढ़वाली गीत ‘कांची रे’ पर प्रस्तुति दी। मोनिका अग्रवाल ने राजस्थानी लोकगीत ‘मेरो बोरलो’, अंजलि गुप्ता ने ‘चूड़ी मजा ना देगी’, सरिता रानी ने ‘तेरी दो टकिया दी नौकरी’ तथा श्रद्धा थपलियाल ने ‘हाय हाय ये मजबूरी’ पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किया।

‘संदेशे आते हैं’ गीत पर एडवोकेट नूपुर शर्मा गुप्ता, सविता गुप्ता, मंजेश कुमारी, स्वाति सिंह, नम्रता समारिया एवं मोनिका अग्रवाल की सामूहिक प्रस्तुति ने देशभक्ति और भावनाओं का सुंदर समागम प्रस्तुत किया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।

बालिकाओं ने दिखाया नृत्य कौशल

कार्यक्रम के दूसरे चरण में बालिकाओं की नृत्य प्रतियोगिता आयोजित की गई। ईशवी वर्मा ने ‘जिसे देश से है प्यार’ पर भरतनाट्यम फ्यूजन, रितिक ने ‘देश रंगीला’, प्रिया ने ‘मोरनी बागा मा’, मेधावी ने ‘चुनरी जयपुर ते मंगवाई’ तथा मानवी मेहरा ने ‘नग बड़िया’ पर उत्कृष्ट प्रस्तुतियां दीं। इसके बाद ख्याति नौटियाल ने भरतनाट्यम शैली में ‘भैरवी अष्टकम’ की प्रभावशाली प्रस्तुति देकर दर्शकों की खूब सराहना बटोरी।

इसके उपरांत अंताक्षरी प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसे पांच चरणों में संपन्न कराया गया।

तीज सिर्फ पर्व नहीं, रिश्तों में मिठास का उत्सव’

संस्था की निदेशक एडवोकेट नूपुर शर्मा गुप्ता ने सभी को तीज पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सावन में मनाया जाने वाला तीज पर्व भारतीय संस्कृति में निहित हर्ष, उल्लास, प्रेम और पारिवारिक सौहार्द का प्रतीक है। नूपुर डांस अकादमी पिछले 18 वर्षों से इस परंपरा का निर्वहन कर रही है। उन्होंने कहा कि संस्था तीज को संयुक्त परिवार की भावना के साथ मनाने में विश्वास रखती है, जिससे महिलाओं को अपनी कला एवं प्रतिभा की अभिव्यक्ति का सम्मानित मंच और बालिकाओं को आत्मविश्वास विकसित करने का अवसर मिलता है।

उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए सभी से अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने, पौधों का संरक्षण करने तथा वर्षा जल का संचयन कर उसका उपयोग बागवानी, सफाई एवं दैनिक कार्यों में करने का आह्वान किया।

मुख्य अतिथि डॉ. गीता खन्ना ने कहा कि त्योहार परिवारों को जोड़ते हैं और जीवन में मधुर स्मृतियां निर्मित करते हैं। उन्होंने कहा कि बच्चे भी पौधों की तरह कोमल और संवेदनशील होते हैं। उन्हें प्रेम, संस्कार, संरक्षण और प्रोत्साहन मिले तो वे स्वस्थ, सुरक्षित एवं सशक्त समाज तथा राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

निर्णायक  अर्चना सिंघल ने सभी प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान का चयन नृत्य-कला, भावाभिव्यक्ति, वेशभूषा एवं मंच प्रस्तुति के आधार पर किया गया। विजेताओं को स्मृति-चिह्न एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए, जबकि सभी प्रतिभागियों को भी प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि एवं निर्णायक को संस्था की ओर से स्नेहस्वरूप पटका, मोतियों की माला, तुलसी का पौधा एवं स्मृति-चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का सफल संचालन संस्था के राष्ट्रीय सचिव इंजीनियर आराध्य कुमार ने किया। इस अवसर पर मंजेश कुमारी, बाला गोयल, श्रद्धा थपलियाल, साधना सिंह, नम्रता सिमरिया, मधु शर्मा, ट्विंकल भारद्वाज, नीलम्माल, शिप्रा नरगास, राखी वर्मा, अंश वर्मा, प्रभा गुप्ता, भक्ति कपूर, रक्षा लांबा, अनिल कुमार गुप्ता, श्री राम अचल निषाद, दीपांशु शाह, दीपचंद पवार, अमीर सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

संस्था की कार्यकारिणी सदस्य  मंजेश कुमारी ने अतिथियों एवं पत्रकार बंधुओं का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के सामूहिक गायन के साथ हुआ।

 

For Feedback - feedback@example.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment