देहरादून। राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, रायपुर के परिसर में शराब पीकर हंगामा और हुड़दंग करना तीन युवकों को भारी पड़ गया। स्टेडियम परिसर में शराब का सेवन कर उपद्रव करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद देहरादून पुलिस हरकत में आ गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित युवकों के खिलाफ तत्काल वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए।
एसएसपी के निर्देश मिलते ही रायपुर पुलिस ने वायरल वीडियो की पड़ताल शुरू की और वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों की पहचान कर उन्हें हिरासत में ले लिया। पुलिस तीनों युवकों को थाने लेकर पहुंची, जहां उनके विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में कुछ युवक राजीव गांधी क्रिकेट स्टेडियम रायपुर के परिसर में शराब का सेवन करते हुए हुड़दंग और उपद्रव करते दिखाई दे रहे थे। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की।
योगेश दहिया (34) पुत्र सुरेंद्र दहिया, निवासी ग्राम बड़खाल, थाना राई, जिला सोनीपत, हरियाणा।
सचिन (34) पुत्र संजय कुमार, निवासी ग्राम राई, थाना राई, जिला सोनीपत, हरियाणा।
भूपेश कुमार (28) पुत्र सुरिंदर सिंह, निवासी कैमरी रोड, शांतिकुंज कॉलोनी, मकान नंबर 62, थाना कैमरी, जिला हिसार, हरियाणा।
पुलिस की कार्रवाई के बाद स्टेडियम परिसर में शराब पीकर हुड़दंग मचाने वालों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन कर शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
स्टेडियम में हुड़दंग मचाना पड़ा भारी, एसएसपी के निर्देश पर तीन पर कार्रवाई
By: Naveen Joshi
On: Friday, September 11, 2026 6:22 PM













