देहरादून, उत्तराखण्ड आबकारी विभाग द्वारा संचालित “ड्रग्स मुक्त उत्तराखण्ड” अभियान के तहत राजकीय माध्यमिक विद्यालय, डोईवाला में वृक्षारोपण एवं जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ नशे से दूर रहकर स्वस्थ और सकारात्मक जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में विद्यालय की कक्षा 6, 7 एवं 8 के विद्यार्थियों ने प्रधानाचार्य एवं विद्यालय स्टाफ के साथ उत्साहपूर्वक भाग लिया। आबकारी विभाग की टीम का नेतृत्व श्रीमती रेखा जियाल भट्ट ने किया।
इस अवसर पर विद्यालय परिसर में कुल 45 पौधों का रोपण किया गया। इनमें जामुन, आंवला, अर्जुन सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे शामिल रहे। विद्यार्थियों ने पौधारोपण के साथ उनके संरक्षण का भी संकल्प लिया।
आबकारी विभाग के अधिकारियों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण और नशामुक्त समाज का निर्माण दोनों ही स्वस्थ भविष्य की आधारशिला हैं। उन्होंने बच्चों से नशे से दूर रहने, दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने तथा प्रकृति संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों का उत्साह और सहभागिता सराहनीय रही। आबकारी विभाग ने विद्यालय परिवार के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के जनजागरूकता कार्यक्रम युवाओं में सामाजिक जिम्मेदारी, पर्यावरण संरक्षण और ड्रग्स मुक्त उत्तराखण्ड के संकल्प को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।









