Advertisement

चमोली में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत बी एल ओ द्वारा घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन, गणना प्रपत्र का वितरण एवं संग्रहण कार्य शुरू

By: Naveen Joshi

On: Tuesday, June 9, 2026 5:48 AM

Google News
Follow Us

 

चमोली ( प्रदीप लखेड़ा )

जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव कुमार के नेतृत्व में जनपद चमोली में विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) कार्यक्रम के अंतर्गत बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन, गणना प्रपत्र का वितरण एवं संग्रहण कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। जिलाधिकारी ने बताया कि अभियान के सफल संचालन के लिए 29 मई से 07 जून 2026 तक तैयारी, प्रशिक्षण एवं आवश्यक प्रिंटिंग कार्य पूर्ण कर लिए गए हैं। साथ ही आज 08 जून से 07 जुलाई 2026 तक बीएलओ घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का वितरण एवं संग्रहण करेंगे।

जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत कुल 592 बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन एवं गणना प्रपत्रों का वितरण एवं संग्रहण कार्य कर रहे हैं। इनमें विधानसभा क्षेत्र 04 बद्रीनाथ में 210, विधानसभा क्षेत्र 05 थराली में 203 तथा विधानसभा क्षेत्र 06 कर्णप्रयाग में 179 बीएलओ तैनात किए गए हैं। अभियान के प्रथम दिवस बीएलओ द्वारा विधानसभा क्षेत्र बद्रीनाथ में 1,353, थराली में 1,916 तथा कर्णप्रयाग में 1,600 गणना प्रपत्र घर-घर जाकर वितरित किए गए। जनपद में कुल 2,95,623 गणना प्रपत्र मतदाताओं से भरवाए जाने हैं। सभी बीएलओ निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रत्येक परिवार तक पहुंच सुनिश्चित करते हुए गणना प्रपत्र भरवाने का कार्य कर रहे हैं।

अभियान के दौरान विधानसभा क्षेत्र बद्रीनाथ के गोपेश्वर गांव स्थित भाग संख्या-97 के बीएलओ सूरत सिंह असवाल ने प्रख्यात पर्यावरणविद एवं महात्मा गांधी शांति पुरस्कार से सम्मानित श्री चंडी प्रसाद भट्ट का गणना प्रपत्र भरवाया। इस अवसर पर श्री भट्ट ने प्रदेशवासियों से लोकतंत्र को सशक्त बनाने के इस महत्वपूर्ण अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने तथा अपने मतदाता विवरण का सत्यापन कराने की अपील की।

जिला निर्वाचन अधिकारी डी सी सती ने बताया कि प्रारूप निर्वाचक नामावली का प्रकाशन 14 जुलाई 2026 को किया जाएगा। इसके उपरांत 14 जुलाई से 13 अगस्त 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। मतदाता अपने दावे एवं आपत्तियां ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों माध्यमों से दर्ज करा सकेंगे। प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का नियमानुसार निस्तारण 11 सितंबर 2026 तक किया जाएगा तथा अंतिम निर्वाचक नामावली का प्रकाशन 15 सितंबर 2026 को किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि इस विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल करना तथा मृत, स्थानांतरित, अपात्र एवं डुप्लीकेट प्रविष्टियों को हटाकर निर्वाचक नामावली को अधिक शुद्ध, अद्यतन एवं विश्वसनीय बनाना है। जिलाधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों, जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों से इस अभियान में सक्रिय सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि व्यापक जनसहभागिता से ही एक सशक्त, पारदर्शी एवं विश्वसनीय मतदाता सूची तैयार की जा सकती है।

For Feedback - feedback@example.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment