देहरादून, 4वें अर्जुन शर्मा मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ बुधवार को उनियाल क्रिकेट एकेडमी और इंदिरा क्रिकेट एकेडमी के बीच खेले गए उद्घाटन मुकाबले से हुआ। रोमांच से भरपूर इस मुकाबले में उनियाल क्रिकेट एकेडमी ने सधा हुआ प्रदर्शन करते हुए इंदिरा क्रिकेट एकेडमी को 34 रनों से पराजित कर टूर्नामेंट की शानदार शुरुआत की।
मैच में उनियाल क्रिकेट एकेडमी की जीत के सूत्रधार वैभव चौहान रहे। उन्होंने हरफनमौला प्रदर्शन करते हुए पहले बल्लेबाजी में अहम 24 रन बनाए और बाद में गेंदबाजी में कहर बरपाते हुए 3 विकेट झटके। उनके इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें ‘मैन ऑफ द मैच’ के सम्मान से नवाजा गया।
गेंदबाजी विभाग में ऋषभ बेलवाल ने भी प्रभावी भूमिका निभाई। उन्होंने सटीक लाइन-लेंथ के साथ गेंदबाजी करते हुए 3 महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए और विपक्षी बल्लेबाजों पर लगातार दबाव बनाए रखा।
इंदिरा क्रिकेट एकेडमी की ओर से सक्षम ठाकुर ने जुझारूपन दिखाया। उन्होंने गेंदबाजी में 3 विकेट चटकाए, जिसके चलते उन्हें ‘फाइटर ऑफ द मैच’ घोषित किया गया। वहीं बल्लेबाजी में आयुष ने संघर्षपूर्ण अंदाज में 40 रनों की पारी खेली, लेकिन उनकी यह कोशिश टीम को जीत दिलाने के लिए पर्याप्त साबित नहीं हो सकी।
इस जीत के साथ उनियाल क्रिकेट एकेडमी ने टूर्नामेंट में आत्मविश्वास के साथ अगले दौर में प्रवेश किया है, जबकि इंदिरा क्रिकेट एकेडमी को पहले मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा।





