देहरादून। एआईसीसी सदस्य एवं उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने और वर्क फ्रॉम होम को बढ़ावा देने की अपील का स्वागत करते हुए राज्य सरकार से इसे तत्काल लागू करने की मांग की है।
धस्माना ने कहा कि मुख्यमंत्री को तुरंत आदेश जारी कर प्रदेश के राज्यपाल, मुख्यमंत्री, मंत्रियों एवं वरिष्ठ अधिकारियों के लंबे वाहन काफिलों को समाप्त करना चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि केवल एक सरकारी वाहन और एक सुरक्षा एस्कॉर्ट की व्यवस्था रखी जाए, जिससे प्रधानमंत्री की अपील का प्रभाव धरातल पर दिखाई दे सके।
उन्होंने कहा कि यदि उत्तराखंड सरकार इस दिशा में कदम उठाती है तो प्रदेश देश का पहला ऐसा राज्य बन सकता है, जहां वीआईपी काफिलों पर नियंत्रण का आदर्श उदाहरण प्रस्तुत किया जाएगा।
धस्माना ने कहा कि इससे पेट्रोल और डीजल की बचत तो होगी ही, साथ ही आम जनता को शहरों में लगने वाले जाम और हूटरों के शोर से भी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि सरकार को जनता के सामने सादगी और संसाधनों की बचत का उदाहरण पेश करना चाहिए।





