---Advertisement---

उत्तराखंड बनेगा ‘आध्यात्मिक राजधानी’ : दोनों मंडलों में स्प्रिचुअल इकोनॉमिक ज़ोन की तैयारी तेज

By: cradmin

On: Wednesday, November 19, 2025 2:02 PM

Google News
Follow Us
---Advertisement---

 

देहरादून। मुख्यमंत्री  धामी ने मुख्यमंत्री आवास में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में राज्य के दोनों मंडलों में एक-एक स्प्रिचुअल इकोनॉमिक ज़ोन स्थापित करने के लिए विस्तृत कार्ययोजना जल्द तैयार करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल उत्तराखंड को वैश्विक आध्यात्मिक, सांस्कृतिक एवं पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि प्रस्तावित परियोजना के तहत धार्मिक, सांस्कृतिक व प्राकृतिक धरोहरों के संरक्षण के साथ तीर्थ स्थलों तथा उनके आसपास के क्षेत्रों का समग्र विकास किया जाए। उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर तैयार होंगे, वहीं राज्य की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि इसी वित्तीय वर्ष में योजना को धरातल पर उतारने की प्रक्रिया प्रारंभ की जाए।
इस परियोजना के तहत योग, ध्यान, आयुर्वेद, प्राकृतिक चिकित्सा, स्थानीय हस्तशिल्प, पर्वतीय उत्पादों और सांस्कृतिक आयोजनों को विशेष प्रोत्साहन दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कदम से राज्य का पर्यटन परिदृश्य और सुदृढ़ होगा तथा ‘आध्यात्मिक राजधानी’ के रूप में उत्तराखंड की पहचान और मजबूत होगी।

बैठक में मुख्यमंत्री ने शीतकालीन यात्रा व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि शीतकालीन स्थलों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जाए तथा यात्रा, आवास, परिवहन और सुरक्षा व्यवस्थाओं को मजबूत बनाया जाए, ताकि अधिक से अधिक पर्यटक राज्य की प्राकृतिक व सांस्कृतिक विविधता का अनुभव कर सकें।
उन्होंने प्रदेश के शीतकालीन पर्यटन स्थलों के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए पारंपरिक एवं आधुनिक माध्यमों का प्रभावी उपयोग करने के निर्देश भी दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ जनसामान्य के जीवन स्तर में सुधार लाना और प्राकृतिक व आध्यात्मिक धरोहरों को संरक्षित रखते हुए सतत विकास की ओर अग्रसर होना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विभागों को समयबद्ध कार्ययोजना, प्रभावी मॉनिटरिंग और धरातल पर क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज वर्चुअली बैठक से जुड़े। बैठक में बद्री-केदार मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, डॉ. आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव शैलेश बगोली, धीराज सिंह गर्ब्याल, स्थानिक आयुक्त अजय मिश्रा, अपर सचिव अभिषेक रोहिला सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

For Feedback - feedback@example.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment