देहरादून/हरिद्वार। उत्तरांचल पंजाबी महासभा के पुनर्गठन एवं पुनर्संरचना के उपरांत हरिद्वार स्थित हर की पैड़ी पर प्रदेश कार्यसमिति द्वारा श्रद्धा एवं भक्ति के साथ मां गंगा का पूजन एवं गंगा आरती का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे पंजाबी समाज के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। गंगा आरती के पश्चात श्री गंगा सभा कार्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में महासभा के नवनियुक्त पदाधिकारियों एवं समाज के प्रतिनिधियों का स्वागत किया गया।
इस अवसर पर श्री गंगा सभा के सभापति कृष्ण कुमार शर्मा, महामंत्री तन्मय विशिष्ट तथा कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने सभी पदाधिकारियों को पुष्पमालाएं पहनाकर, गंगा अंगवस्त्र ओढ़ाकर, गंगाजल एवं प्रसाद भेंट कर शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में समाज की एकजुटता, सांस्कृतिक मूल्यों एवं सामाजिक सेवा के प्रति समर्पण का संदेश दिया गया।









