देहरादून। तनिष्क फुटबॉल अकादमी एवं नेहरूग्राम फुटबॉल क्लब के संयुक्त तत्वावधान में इंटर कॉलेज नेहरूग्राम परिसर में आयोजित फुटबॉल समर कैंप-2026 का रविवार को उत्साह, उमंग और खेल भावना के माहौल में भव्य समापन हुआ। कई दिनों तक चले इस प्रशिक्षण शिविर में बड़ी संख्या में युवा खिलाड़ियों ने भाग लेकर फुटबॉल की तकनीकी बारीकियों का प्रशिक्षण प्राप्त किया। समापन समारोह में खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन कर दर्शकों और अतिथियों की खूब सराहना बटोरी।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि प्रदेश संयोजक गोरखा प्रकोष्ठ भाजपा उत्तराखंड एवं गोरखा कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष (दर्जा राज्यमंत्री) अभिषेक शाही (अब्बू जी) तथा विशिष्ट अतिथि वार्ड-64 की पार्षद सुशीला शर्मा रहे। दोनों अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। आयोजकों की ओर से अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया गया।
अपने संबोधन में अभिषेक शाही ने कहा कि खेल युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण का सबसे प्रभावी माध्यम हैं। खेल न केवल शारीरिक रूप से फिट रखते हैं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, संघर्षशीलता और टीम भावना जैसे गुणों का भी विकास करते हैं। उन्होंने कहा कि आज के दौर में युवाओं को खेलों से जोड़ना समय की आवश्यकता है, जिससे वे नशे और अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ सकें। उन्होंने तनिष्क फुटबॉल अकादमी एवं नेहरूग्राम फुटबॉल क्लब द्वारा क्षेत्र में फुटबॉल को बढ़ावा देने के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपनी क्षमता निखारने और आगे बढ़ने का मंच प्रदान करते हैं।
विशिष्ट अतिथि सुशीला शर्मा ने कहा कि खेल गतिविधियां बच्चों और युवाओं के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने शिविर में भाग लेने वाले खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और समर्पण की प्रशंसा करते हुए नियमित अभ्यास जारी रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें समाज में सकारात्मक पहचान दिलाने का कार्य करते हैं।
समापन अवसर पर प्रतिभागी खिलाड़ियों ने ड्रिब्लिंग, पासिंग, बॉल कंट्रोल, फिटनेस ड्रिल और टीम समन्वय का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों की तकनीकी दक्षता और खेल के प्रति समर्पण ने दर्शकों को प्रभावित किया। पूरे शिविर के दौरान खिलाड़ियों को आधुनिक फुटबॉल तकनीकों, शारीरिक फिटनेस, रणनीतिक समझ तथा खेल भावना से जुड़े विभिन्न पहलुओं का प्रशिक्षण दिया गया।
अकादमी के हेड कोच पारस थापा ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य बच्चों और युवाओं में फुटबॉल के प्रति रुचि विकसित करना तथा उनकी प्रतिभा को सही दिशा प्रदान करना था। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों ने पूरे प्रशिक्षण शिविर में अनुशासन और समर्पण के साथ अभ्यास किया, जिसका सकारात्मक प्रभाव उनके प्रदर्शन में स्पष्ट रूप से दिखाई दिया। वहीं कोच सोहन सिंह बिष्ट ने खिलाड़ियों की सराहना करते हुए कहा कि यदि युवा इसी समर्पण और मेहनत के साथ आगे बढ़ते रहे तो भविष्य में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बना सकते हैं।
समारोह में नेहरूग्राम क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों, अभिभावकों और खेल प्रेमियों की भी उल्लेखनीय उपस्थिति रही। सभी ने आयोजन की सफलता पर तनिष्क फुटबॉल अकादमी एवं नेहरूग्राम फुटबॉल क्लब को बधाई देते हुए भविष्य में भी ऐसे खेल आयोजनों के नियमित आयोजन की अपेक्षा व्यक्त की।
इस अवसर पर रमेश राणा, दीपक गुंसाई, मनदीप गुंसाई और अजय तिवारी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। खिलाड़ियों के जोश, प्रशिक्षकों की मेहनत और अतिथियों के प्रेरणादायक संदेशों के साथ फुटबॉल समर कैंप-2026 का सफलतापूर्वक समापन हुआ। यह आयोजन क्षेत्र में फुटबॉल के बढ़ते आकर्षण और खेल संस्कृति को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।
तनिष्क अकादमी का जलवा, समर फुटबॉल टूर्नामेंट में युवा खिलाड़ियों ने बिखेरा हुनर
By: Naveen Joshi
On: Wednesday, June 17, 2026 8:16 PM









