22 मई से शुरू होगा उत्तराखंड गोल्ड कप क्रिकेट टूर्नामेंट, विजेता टीम को मिलेंगे 10 लाख रुपये
देशभर की प्रतिष्ठित 16 टीमें लेंगी हिस्सा, डे-नाइट मुकाबलों से सजेगा 42वां संस्करण
देहरादून। क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक बार फिर रोमांच और उत्साह से भरपूर उत्तराखंड गोल्ड कप क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन होने जा रहा है। देवभूमि गोल्ड कप क्रिकेट एसोसिएशन समिति द्वारा आयोजित होने वाला यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट 22 मई से 7 जून 2026 तक खेला जाएगा। टूर्नामेंट का यह 42वां संस्करण इस बार और भी भव्य एवं आकर्षक रूप में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें देशभर की प्रतिष्ठित क्रिकेट एसोसिएशनों की 16 टीमें प्रतिभाग करेंगी।
राजपुर रोड स्थित एक होटल में आयोजित पत्रकार वार्ता में समिति के अध्यक्ष राजीव दत्ता एवं सचिव पी.सी. वर्मा ने संयुक्त रूप से टूर्नामेंट की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वर्षों से आयोजित हो रहा उत्तराखंड गोल्ड कप अब राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बना चुका है और देश के कई नामी खिलाड़ी इस प्रतियोगिता का हिस्सा बनते रहे हैं। इस बार भी कई राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और आईपीएल खिलाड़ी मैदान में अपना दमखम दिखाएंगे, जिससे टूर्नामेंट का स्तर और रोमांच दोनों बढ़ेंगे।
उन्होंने बताया कि विजेता टीम को 10 लाख रुपये की पुरस्कार राशि एवं आकर्षक ट्रॉफी प्रदान की जाएगी, जबकि उपविजेता टीम को 7 लाख रुपये एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त प्रत्येक मैच में “मैन ऑफ द मैच” को 5 हजार रुपये की राशि दी जाएगी, जबकि “मैन ऑफ द सीरीज” को एक लाख रुपये का विशेष पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। साथ ही खिलाड़ियों को कई व्यक्तिगत पुरस्कारों से भी नवाजा जाएगा।
आयोजकों ने बताया कि टूर्नामेंट के सभी मुकाबले आधुनिक क्रिकेट प्रारूप के अनुरूप रंगीन ड्रेस में खेले जाएंगे, जिसकी व्यवस्था आयोजन समिति द्वारा की जाएगी। सभी मैच सफेद आकर्षक गेंद से खेले जाएंगे। क्वार्टर फाइनल से सभी मुकाबले नॉक आउट आधार पर होंगे और डे-नाइट प्रारूप में आयोजित किए जाएंगे, जिससे दर्शकों को रोमांचक मुकाबलों का आनंद मिलेगा।
टूर्नामेंट के मुकाबले महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज एवं राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित किए जाएंगे, जबकि दो डे-नाइट मुकाबले अल्फा क्रिकेट स्टेडियम, गणेशपुर में खेले जाएंगे। आयोजन समिति के अनुसार सभी 16 टीमों को चार अलग-अलग पूल में बांटा गया है। प्रतियोगिता में चार क्वार्टर फाइनल, दो सेमीफाइनल और 7 जून को भव्य फाइनल मुकाबला खेला जाएगा।
राजीव दत्ता एवं पी.सी. वर्मा ने कहा कि समिति द्वारा खिलाड़ियों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया है। सभी खिलाड़ियों के रहने, भोजन एवं आने-जाने की समुचित व्यवस्था की गई है ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड गोल्ड कप केवल एक क्रिकेट प्रतियोगिता नहीं, बल्कि खेल प्रतिभाओं को मंच देने और उत्तराखंड को राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर मजबूत पहचान दिलाने का माध्यम बन चुका है। इस बार नेपाल की राष्ट्रीय टीम भी प्रतिभागी कर रही है
उन्होंने कहा कि क्रिकेट प्रेमियों में टूर्नामेंट को लेकर पहले से ही खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। डे-नाइट मुकाबले और स्टार खिलाड़ियों की मौजूदगी इस प्रतियोगिता को और अधिक आकर्षक बनाएगी।
इस अवसर पर देवभूमि गोल्ड कप क्रिकेट एसोसिएशन समिति की आधिकारिक वेबसाइट
uttarakhandgoldcup.com�
का भी शुभारंभ किया गया।
पत्रकार वार्ता में संदीप रावत, वीरेंद्र वाजपेई, श्रीकुमार थापा, विनोद जोशी, श्री सचान एवं संतोष गर्ग सहित अन्य पदाधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
By: Naveen Joshi
On: Sunday, May 17, 2026 1:11 PM
---Advertisement---





