देहरादून, 79वां स्वतंत्रता दिवस पूरे हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। सभी सार्वजनिक स्थलों, शासकीय एवं गैर-शासकीय कार्यालयों तथा शिक्षण संस्थानों में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कलेक्टरेट परिसर में जिलाधिकारी सविन बंसल ने प्रातः 9:00 बजे ध्वजारोहण कर जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और महापुरुषों को नमन करते हुए कहा कि भारत की आज़ादी हमें लंबे संघर्ष, अथक प्रयासों और अनगिनत बलिदानों के बाद प्राप्त हुई है। आज़ादी केवल अधिकार ही नहीं, बल्कि दायित्व भी है। सभी नागरिकों को निष्ठा, ईमानदारी और कर्मठता से अपने दायित्वों का निर्वहन कर भारत के नवनिर्माण में योगदान देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि हमें राष्ट्र की एकता और अखंडता को बनाए रखते हुए निरंतर विकास के लिए कार्य करना होगा। सरकार की योजनाओं और मूलभूत सुविधाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर तक पहुँचाना ही सच्ची स्वतंत्रता का अर्थ है। इस पर्व पर हम सभी को विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का संकल्प लेना चाहिए, जिससे स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों को साकार किया जा सके।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (प्रशा) जय भारत सिंह, एसडीएम अपूर्वा सिंह सहित कलेक्टरेट के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
