चमोली ( प्रदीप लखेड़ा )
जनपद में तैनात पुलिस बल की कार्य-दक्षता एवं उपलब्ध संसाधनों की स्थिति का आकलन करने के उद्देश्य से आज पुलिस उपाधीक्षक चमोली मदन सिंह बिष्ट द्वारा थाना गोविन्दघाट का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस बल के अनुशासन, शस्त्र संचालन, अभिलेखों के रख-रखाव एवं समग्र कार्यप्रणाली का सूक्ष्म परीक्षण किया गया। निरीक्षण के प्रारम्भ में पुलिस उपाधीक्षक द्वारा थाना परिसर में सुव्यवस्थित गार्द की सलामी ली गई तथा उपस्थित कार्मिकों के टर्न-आउट (वर्दी एवं अनुशासन) का निरीक्षण करते हुए उन्हें कर्तव्य के प्रति सदैव सजग एवं अनुशासित रहने के निर्देश दिए गए।
इसके उपरांत उन्होंने थाना परिसर, कार्यालय, बैरक एवं भोजनालय का भ्रमण कर स्वच्छता एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कार्मिकों की तकनीकी दक्षता के आकलन हेतु शस्त्राभ्यास कराया गया तथा स्वयं शस्त्रों की हैंडलिंग का निरीक्षण करते हुए नियमित अभ्यास बनाए रखने के निर्देश दिए।
आपदा प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए थाना को उपलब्ध उपकरणों का भौतिक सत्यापन किया गया तथा उनके प्रभावी उपयोग एवं रख-रखाव के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा के दौरान मालखाना अभिलेखों एवं लावारिस वाहनों के निस्तारण की स्थिति का निरीक्षण किया गया। इस संबंध में निर्देशित किया गया कि जिन प्रकरणों का निस्तारण हो चुका है, उनसे संबंधित माल का शीघ्र एवं विधिसम्मत निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
साथ ही सीसीटीएनएस (CCTNS) पोर्टल एवं अन्य डिजिटल अभिलेखों की जांच करते हुए ऑनलाइन प्राप्त शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण पर विशेष बल दिया गया। महिला सुरक्षा के प्रति संवेदनशीलता प्रदर्शित करते हुए उन्होंने महिला हेल्पलाइन डेस्क पर आने वाली फरियादियों की शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर दर्ज कर उनका त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के समापन पर पुलिस उपाधीक्षक द्वारा थाना के समस्त कार्मिकों का सम्मेलन लिया गया, जिसमें उनकी व्यक्तिगत एवं विभागीय समस्याओं को सुना गया तथा उनके शीघ्र समाधान का आश्वासन प्रदान किया गया।
इस दौरान प्रभारी निरीक्षक चित्रगुप्त, उपनिरीक्षक प्रशान्त बिष्ट, अपर उपनिरीक्षक युद्धवीर सिंह मौजूद रहे।
