देहरादून/सर्बिया, भारत निर्वाचन आयोग की पहल पर उत्तराखण्ड का 5 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल यूरोप के सर्बिया गणराज्य के अध्ययन दौरे पर पहुंचा है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.बी.आर.सी. पुरुषोत्तम के नेतृत्व में यह दल लोकतांत्रिक देशों की निर्वाचन प्रणाली का अध्ययन कर रहा है
प्रतिनिधिमंडल ने सर्बिया के नोवी साद प्रांत की विधानसभा का भ्रमण किया। इस दौरान वहां की लोकतांत्रिक संस्थाओं के संचालन, प्रशासनिक ढांचे एवं निर्वाचन प्रक्रिया की कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी प्राप्त की गई।
भ्रमण एवं बैठक कार्यक्रम में मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.बी.आर.सी. पुरुषोत्तम, अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदण्डे, टिहरी की जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल तथा सर्बिया में भारत के राजदूत अभिषेक शुक्ला मौजूद रहे।
इस अवसर पर नोवी साद प्रांत विधानसभा की चेयरमैन सुश्री दीना वुचिनिच ने भारतीय प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए भारत और सर्बिया के बीच लोकतांत्रिक मूल्यों और निर्वाचन प्रक्रियाओं में सहयोग को अहम बताया।
निर्वाचन प्रक्रिया समझने का मिला अवसर
प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने कहा कि इस अध्ययन भ्रमण से दोनों देशों की निर्वाचन प्रबंधन प्रणाली, मतदाता जागरूकता कार्यक्रमों और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को समझने का अवसर मिला है। इससे भविष्य में आपसी सहयोग को और सुदृढ़ किया जा सकेगा।
निर्वाचन आयोग के साथ हुई अहम बैठक
भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने सर्बिया की प्रांतीय निर्वाचन आयोग के साथ भी महत्वपूर्ण बैठक की। इस दौरान सर्बिया की चुनावी प्रणाली, प्रशासनिक व्यवस्थाओं और चुनाव प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं पर गहन चर्चा की गई।
प्रतिनिधिमंडल में मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.बी.आर.सी. पुरुषोत्तम, अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदण्डे, जिलाधिकारी टिहरी नितिका खण्डेलवाल, ईआरओ काशीपुर गौरव पांडे तथा बीएलओ मोहम्मद कलीम शामिल हैं।




