चमोली ( प्रदीप लखेड़ा )
जनपद चमोली में नशे के खिलाफ छेड़ी गई मुहिम लगातार रंग ला रही है। पुलिस मुख्यालय स्तर से संचालित ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार के निर्देशन में चमोली पुलिस नशा तस्करों की कमर तोड़ने में जुटी हुई है। इसी अभियान के तहत कोतवाली चमोली पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए अवैध चरस की तस्करी कर रहे एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है।
विगत 16 मई को पुलिस उपाधीक्षक चमोली मदन सिंह बिष्ट के पर्यवेक्षण व प्रभारी निरीक्षक राकेश भट्ट के नेतृत्व में देर रात कोतवाली चमोली पुलिस क्षेत्र में कानून व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सघन चेकिंग अभियान चला रही थी। रात के अंधेरे में पुलिस टीम लगातार संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों पर नजर बनाए हुए थी। इसी दौरान बिरही से आगे निजमुला मार्ग पर पुलिस टीम को एक व्यक्ति संदिग्ध परिस्थितियों में दिखाई दिया।
पुलिस टीम को अपनी ओर आता देख संदिग्ध युवक अचानक घबरा गया और तेजी से मौके से भागने का प्रयास करने लगा। युवक की संदिग्ध गतिविधियों को देखकर मुस्तैद पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए चारों ओर से घेराबंदी कर उसे कुछ ही दूरी पर दबोच लिया।
तलाशी के दौरान युवक के कब्जे से 614 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई। बरामद की गई चरस की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब ₹1,22,800/- आंकी गई है। इतनी बड़ी मात्रा में अवैध चरस बरामद होने के बाद पुलिस ने मौके पर ही अभियुक्त मुकेश राम पुत्र बुद्धि राम निवासी ग्राम पाणा (ईरानी), थाना एवं जिला चमोली उम्र 29 को गिरफ्तार कर लिया। उक्त के संबंध में कोतवाली चमोली में अभियुक्त के विरुद्ध मुकदमा अपराध संख्या- 09/2026, धारा 8/20 NDPS Act के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद अभियुक्त को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
जनपद में युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले नशा तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा। ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।





