देहरादून, जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देशों के तहत समाज कल्याण विभाग द्वारा नगर निगम देहरादून के वार्ड संख्या 96 नवादा बद्रीपुर में पेंशन सत्यापन शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में वृद्धावस्था, दिव्यांग एवं विधवा पेंशन योजनाओं से जुड़े लाभार्थियों का वार्षिक भौतिक सत्यापन किया गया।
शिविर में बड़ी संख्या में पहुंचे लाभार्थियों ने अपने दस्तावेजों का सत्यापन कराया। इस दौरान कुल 164 पेंशन लाभार्थियों का भौतिक सत्यापन किया गया, जिनमें 120 वृद्धावस्था पेंशन, 12 दिव्यांग पेंशन तथा 32 विधवा पेंशन लाभार्थी शामिल रहे। विभागीय अधिकारियों ने अभिलेखों की जांच कर आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण कराईं।
जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिड़ियाल ने बताया कि जनपद देहरादून में समाज कल्याण एवं महिला कल्याण विभाग के अंतर्गत पेंशन प्राप्त कर रहे सभी लाभार्थियों का वार्षिक भौतिक सत्यापन अनिवार्य रूप से कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पेंशन सत्यापन की अंतिम तिथि 30 मई 2026 निर्धारित की गई है। निर्धारित समय सीमा के भीतर सत्यापन न कराने वाले लाभार्थियों की पेंशन प्रभावित हो सकती है।
उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में सत्यापन का कार्य ग्राम पंचायत विकास अधिकारियों द्वारा तथा शहरी क्षेत्रों में क्षेत्रीय राजस्व विभाग के कार्मिकों के माध्यम से किया जाएगा।
शिविर में जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिड़ियाल, क्षेत्रीय पार्षद वीरेंद्र वालिया, राजस्व विभाग एवं बाल विकास विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने लाभार्थियों से समय रहते सत्यापन प्रक्रिया पूरी कराने की अपील की।





