भीमताल, नौकुचियाताल और कमलताल के सौंदर्यीकरण से पर्यटन को मिलेगा नया आयाम

By: Naveen Joshi

On: Saturday, May 30, 2026 9:01 PM

Google News
Follow Us
------

 

देहरादून/नैनीताल।   झीलों के संरक्षण, सौंदर्यीकरण और पर्यटन सुविधाओं के विस्तार के लिए बड़े स्तर पर कार्य किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में आवास एवं राज्य सम्पत्ति विभाग के सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने शनिवार को भीमताल, नौकुचियाताल, कमलताल तथा अन्य महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान सचिव ने झीलों के पुनर्विकास, पर्यटन सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण तथा यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए संचालित एवं प्रस्तावित योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की और अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

भीमताल झील के लिए 25.67 करोड़ की विकास योजना

भीमताल झील के पुनर्विकास एवं सौंदर्यीकरण के लिए लगभग 25.67 करोड़ रुपये की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की गई है। योजना के तहत झील के आसपास स्थित प्रमुख पार्कों का पुनर्विकास, दीनदयाल पार्क के निकट बोटिंग डॉक का निर्माण, झील किनारे 4210 मीटर लंबा कॉबल स्टोन पैदल मार्ग, उद्यानों का सौंदर्यीकरण, पार्किंग व्यवस्था में सुधार, सोलर स्ट्रीट लाइटिंग तथा आधुनिक स्ट्रीट फर्नीचर की स्थापना जैसे कार्य किए जाएंगे। सचिव ने अधिकारियों को इन कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।

नौकुचियाताल में बढ़ेंगी आधुनिक पर्यटन सुविधाएं

नौकुचियाताल झील के सौंदर्यीकरण के लिए लगभग 20.97 करोड़ रुपये की योजना पर कार्य किया जा रहा है। इसके अंतर्गत बोटिंग स्टैंड, प्रतीक्षालय एवं टिकट काउंटर, पार्किंग सुविधा, फ्लोटिंग जेट्टी, 2089 मीटर लंबा पैदल मार्ग, गज़ीबो, व्यूपॉइंट्स, लैंडस्केपिंग तथा सोलर लाइटिंग जैसी सुविधाओं का विकास किया जाएगा। सचिव ने परियोजना को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

कमलताल बनेगा नया पर्यटन आकर्षण

कमलताल क्षेत्र में आधुनिक पर्यटन सुविधाओं के विकास के लिए ओपन शॉपिंग सेंटर (प्लाजा), 50 मीटर लंबा पैदल पुल, 100 मीटर पैदल मार्ग, पार्किंग व्यवस्था, सोलर लाइटिंग एवं लैंडस्केपिंग कार्य प्रस्तावित हैं। अधिकारियों ने बताया कि परियोजना पूर्ण होने के बाद यह क्षेत्र पर्यटकों के लिए एक नया आकर्षण केंद्र बनेगा।

भवाली मल्टीलेवल पार्किंग का कार्य 96 प्रतिशत पूरा

भवाली के लकड़ी टाल क्षेत्र में निर्माणाधीन मल्टीलेवल कार पार्किंग एवं व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स परियोजना का भी निरीक्षण किया गया। परियोजना के तहत बेसमेंट में पार्किंग तथा भूतल और प्रथम तल पर लगभग 40 दुकानों का निर्माण किया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि परियोजना का लगभग 96 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। इसके शुरू होने पर 124 वाहनों के लिए पार्किंग सुविधा उपलब्ध होगी।

नैनीताल शहर को मिलेगी बड़ी पार्किंग सुविधा

नैनीताल के मल्लीताल क्षेत्र में 42.77 करोड़ रुपये की लागत से सरोवर पार्किंग परियोजना स्वीकृत की गई है। इसके तहत 605 चारपहिया एवं 202 दोपहिया वाहनों की पार्किंग क्षमता विकसित की जाएगी। इसके अतिरिक्त नैनीताल क्लब के समीप नगर पालिका भूमि पर 30.43 करोड़ रुपये की लागत से ऑटोमेटेड पार्किंग परियोजना प्रस्तावित है, जिससे 202 चारपहिया और 96 दोपहिया वाहनों को पार्किंग सुविधा मिलेगी।

लंबित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी परियोजनाओं को गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ पूरा किया जाए। जहां कार्य प्रारंभ नहीं हुए हैं, वहां शीघ्र निर्माण कार्य शुरू करने तथा आवश्यकता पड़ने पर कार्यदायी संस्थाओं में परिवर्तन की कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने नैनीताल-हल्द्वानी मार्ग स्थित अशोक पार्किंग स्थल का निरीक्षण कर पूर्व में स्वीकृत धनराशि का उपयोग करते हुए पार्किंग निर्माण की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को और अधिक सुगम बनाया जा सके।

निरीक्षण के दौरान जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण के सचिव विजयनाथ शुक्ल, उत्तराखंड पेयजल संसाधन विकास एवं निर्माण निगम के प्रोजेक्ट मैनेजर संदीप सिंह रावत एवं दिवाकर बडोनी, ग्रामीण निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता कमलेश जोशी, प्रोजेक्ट सेल ऑफिसर अनिल कुमार तड़ागी, सहायक अभियंता शिवम धीमान, अवर अभियंता अभिषेक कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से नैनीताल जनपद में पर्यटन को नई गति मिलने के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा झीलों के संरक्षण और यातायात प्रबंधन को भी मजबूती मिलेगी।

Static 1 Static 1

Naveen Joshi

For Feedback - feedback@example.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related News

Leave a Comment