चमोली ( प्रदीप लखेड़ा )
नारायणबगड़ विकासखंड के अंतर्गत ग्राम सनेड़ में बिजली का करंट लगने से 28 वर्षीय युवती की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार 7 नवंबर 2026 को ग्राम सनेड़, पोस्ट मींग गधेरा निवासी कविता (28 वर्ष), पुत्री पदम सिंह, को बिजली का करंट लग गया। करंट लगने के बाद युवती बेहोश हो गई। परिजन आनन-फानन में उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणबगड़ लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणबगड़ द्वारा पुलिस चौकी नारायणबगड़ को दी गई। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक देवेंद्र भारती पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए उप जिला अस्पताल कर्णप्रयाग भेज दिया।युवती की असामयिक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना से गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।












