देहरादून। दीपावली, गोवर्धन पूजा एवं भैयादूज के त्योहारों के मद्देनजर देहरादून शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है। यह व्यवस्था 7 नवंबर से 11 नवंबर 2026 तक लागू रहेगी। इसके तहत शहर के प्रमुख बाजारों में वाहनों की पार्किंग, नो-एंट्री, डायवर्जन और सार्वजनिक परिवहन के संचालन को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं। यातायात पुलिस ने आमजन से निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने और अनावश्यक रूप से निजी वाहनों का प्रयोग न करने की अपील की है।
अलग-अलग क्षेत्रों के लिए निर्धारित की गई पार्किंग
यातायात पुलिस ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल चिह्नित किए हैं।
सहस्त्रधारा, रायपुर, राजपुर रोड, सुभाष रोड और डालनवाला क्षेत्र से आने वाले वाहन काबुल हाउस, मंगला देवी इंटर कॉलेज, कनक चौक मल्टीस्टोरी पार्किंग तथा एमडीडीए कॉम्प्लेक्स घंटाघर में पार्क किए जा सकेंगे।
वहीं चकराता रोड, जीएमएस रोड और गढ़ी कैंट क्षेत्र से आने वाले वाहनों के लिए जनपथ कॉम्प्लेक्स बिंदाल और रेंजर्स ग्राउंड में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। ईसी रोड, रिस्पना पुल, धर्मपुर, जोगीवाला, नेहरू कॉलोनी और छह नंबर पुलिया की ओर से आने वाले वाहन रेंजर्स ग्राउंड, दरबार साहिब के निकट तथा राजीव गांधी कॉम्प्लेक्स तहसील चौक में पार्क किए जा सकेंगे।
सहारनपुर चौक, कांवली रोड, पटेलनगर और पथरीबाग से आने वाले वाहनों के लिए पुराना बस अड्डा, पुलिस कार्यालय के निकट तथा नगर निगम कार्यालय परिसर में पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। पलटन बाजार में दोपहिया वाहनों से आने वाले नागरिक गांधी इंटर कॉलेज और सीएनआई स्कूल में अपने वाहन पार्क कर सकेंगे।
स्थानीय बाजारों के लिए भी पार्किंग तय
धर्मपुर बाजार आने वाले लोगों को रेसकोर्स क्षेत्र में, नेहरू कॉलोनी के नागरिकों को जीएसटी कार्यालय के दोनों ओर स्थित लिंक रोड पर तथा रिस्पना क्षेत्र में आने वालों को राजीव नगर में विधानसभा तिराहे के निकट सड़क किनारे निर्धारित स्थानों पर वाहन पार्क करने की व्यवस्था की गई है। प्रेमनगर बाजार के लिए दशहरा ग्राउंड और रायपुर शिव मंदिर बाजार के लिए मालदेवता रोड पर पार्किंग निर्धारित की गई है।
पलटन बाजार में लोडिंग वाहनों की नो-एंट्री
पलटन बाजार क्षेत्र में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लोडिंग वाहनों का प्रवेश सुबह 10 बजे से रात 9 बजे तक प्रतिबंधित रहेगा। व्यापारियों को सुबह 10 बजे से पहले लोडिंग और अनलोडिंग का कार्य पूरा करना होगा। लोडिंग वाहनों के लिए वन-वे व्यवस्था के तहत केवल राजा रोड से पीपल मंडी होते हुए दर्शनी गेट की ओर जाने की अनुमति होगी।
पलटन बाजार के व्यापारियों के वाहनों को टोकन के माध्यम से प्रवेश दिया जाएगा, जबकि अन्य वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। यातायात सामान्य रहने की स्थिति में विक्रम, ऑटो और ई-रिक्शा अपने निर्धारित मार्गों पर संचालित होंगे। इसके अलावा सभी प्रकार के भारी वाहनों का देहरादून शहर में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
सार्वजनिक परिवहन के रूट में बदलाव
यातायात प्लान के तहत विक्रम और सिटी बसों के कुछ रूट में बदलाव किया गया है। राजपुर रोड से ओरिएंट चौक आने वाले रूट नंबर-1 के विक्रम वाहनों का ड्रॉप और पिकअप प्वाइंट ग्लोब चौक निर्धारित किया गया है। यहां से वाहन पैसिफिक तिराहा, सुभाष रोड और बेनी बाजार होते हुए वापस राजपुर की ओर जाएंगे।
रायपुर रोड से आने वाले रूट नंबर-2 के विक्रम वाहनों का ड्रॉप और पिकअप प्वाइंट सर्वे चौक रहेगा। रिस्पना की ओर से आने वाले रूट नंबर-3 के विक्रम वाहन रिची-रिच तिराहे से आईजी कट, दून चौक और एमकेपी चौक होते हुए वापस जाएंगे। रूट नंबर-5 और 8 के विक्रम तहसील चौक तक ही संचालित होंगे।
राजपुर रोड जाने वाली सिटी बसों का नया ड्रॉप और पिकअप प्वाइंट परेड ग्राउंड के स्थान पर ओरिएंट चौक रहेगा। वहीं डोईवाला और सहस्त्रधारा जाने वाली सिटी बसों के लिए रेंजर्स ग्राउंड को नया ड्रॉप और पिकअप प्वाइंट बनाया गया है।
भीड़ बढ़ने पर लागू होगा डायवर्जन प्लान
यातायात का दबाव बढ़ने पर पलटन बाजार, धामावाला बाजार, मच्छी बाजार और पीपल मंडी को पूरी तरह जीरो जोन घोषित किया जाएगा। इन क्षेत्रों में केवल पैदल यात्रियों को प्रवेश की अनुमति होगी।
सर्वे चौक पर दबाव बढ़ने पर रायपुर से आने वाले वाहनों को कर्जन रोड तिराहे से म्यूनिसिपल रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा। घंटाघर पर भीड़ बढ़ने की स्थिति में राजपुर रोड से आने वाले वाहनों को ओरिएंट चौक से कनक चौक तथा दर्शनलाल चौक से आने वाले वाहनों को लैंसडाउन चौक की ओर भेजा जाएगा। धर्मपुर चौक पर यातायात का दबाव बढ़ने पर माता मंदिर रोड से आने वाले वाहनों को रेसकोर्स तथा नेहरू कॉलोनी तिराहे से आने वाले वाहनों को फव्वारा चौक की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
यातायात व्यवस्था के लिए तैनात रहेगा अतिरिक्त पुलिस बल
त्योहारी सीजन में यातायात व्यवस्था संभालने के लिए एक डीवाईएसपी, चार ट्रैफिक इंस्पेक्टर, 15 ट्रैफिक सब इंस्पेक्टर एवं अतिरिक्त टीएसआई, 60 ट्रैफिक कांस्टेबल, 80 प्रशिक्षु कांस्टेबल तथा 10 सीपीयू मोबाइल टीमों की तैनाती की गई है। इसके अतिरिक्त थानास्तर से भी पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा।
शहर के विभिन्न स्थानों पर फ्लेक्स बैनर और सांकेतिक बोर्ड लगाए गए हैं। एफएम रेडियो, सोशल मीडिया, व्हाट्सऐप और समाचार माध्यमों से भी ट्रैफिक प्लान का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। शॉपिंग कॉम्प्लेक्स संचालकों को बेसमेंट पार्किंग आमजन के लिए खोलने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही गलत पार्किंग करने वाले वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए छह ट्रैफिक क्रेन तैनात की गई हैं।
सीसीटीवी और कैमरों से होगी निगरानी, गलत पार्किंग पर 1500 रुपये जुर्माना
यातायात पुलिस के अनुसार शहर में 29 एएनपीआर, 105 आरएलवीडी और नौ एसवीडीएस कैमरों के माध्यम से ट्रैफिक कंट्रोल रूम से लगातार निगरानी की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के ऑनलाइन चालान भी किए जाएंगे। नो-पार्किंग जोन में वाहन खड़ा करने पर ट्रैफिक क्रेन से वाहन टो किया जाएगा, जिसके लिए 1500 रुपये जुर्माना निर्धारित है। सार्वजनिक मार्गों, तिराहों और चौराहों पर अनावश्यक रूप से वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।
यातायात पुलिस की आमजन से अपील
यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि त्योहारों के दौरान निजी वाहनों का प्रयोग आवश्यक होने पर ही करें और यथासंभव विक्रम, ऑटो एवं सिटी बसों का उपयोग करें। निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करें तथा स्थानीय बाजारों से खरीदारी को प्राथमिकता दें। अंतिम समय की भीड़ से बचने के लिए समय रहते खरीदारी पूरी करने की सलाह दी गई है।
पुलिस ने शॉपिंग कॉम्प्लेक्स संचालकों से भी बेसमेंट पार्किंग आमजन के लिए खुली रखने की अपेक्षा की है। हालांकि एंबुलेंस, पुलिस और अग्निशमन जैसी आवश्यक सेवाओं के वाहनों को किसी प्रकार से रोका या डायवर्ट नहीं किया जाएगा। यातायात पुलिस ने लोगों से धैर्य बनाए रखने, अनावश्यक हॉर्न न बजाने और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।












