देहरादून, रीच द्वारा आयोजित विरासत आर्ट एंड हेरिटेज महोत्सव 2025 4 से 18 अक्टूबर तक डॉ. बी.आर. अंबेडकर स्टेडियम, ओएनजीसी, कौलागढ़ रोड, देहरादून में रंगारंग कार्यक्रमों के साथ आयोजित होगा। इस बार महोत्सव का 30वाँ संस्करण विश्वविख्यात सरोद वादक उस्ताद अमजद अली खान के सरोद वादन से आरंभ होगा।
रीच के संस्थापक सदस्य एवं महासचिव आर.के. सिंह ने राजपुर रोड स्थित एक होटल में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि विरासत महोत्सव भारतीय कला, संस्कृति और धरोहर का ऐसा वार्षिक पर्व है जो बीते तीन दशकों से देहरादून ही नहीं, बल्कि पूरे देश और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना चुका है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष का महोत्सव हिरोशिमा परमाणु बम विस्फोट के पीड़ितों की स्मृति को समर्पित है।
15 दिवसीय इस महोत्सव में भारतीय और विश्वव्यापी शास्त्रीय व लोक संगीत, नृत्य, कला, शिल्प और साहित्य के रंग देखने को मिलेंगे। श्रीलंका, किर्गिस्तान और बेलारूस के कलाकार लोकनृत्य और संगीत की प्रस्तुतियों से महोत्सव को अंतरराष्ट्रीय आयाम देंगे।
कार्यक्रम के दौरान हेरिटेज शोकेस, शिल्प कार्यशालाएँ, हेरिटेज क्विज़, ट्रेज़र हंट, विंटेज कार-बाइक रैली और दिव्यांग छात्रों के लिए विशेष सत्र भी आयोजित होंगे।
भव्य मंच कश्मीर के ऐतिहासिक सूर्य मंदिर (ललितादित्य मुक्तापीड़ कालीन) की वास्तुकला पर आधारित होगा, जो आयोजन को और आकर्षक बनाएगा।
इस बार महोत्सव में हिंदुस्तानी और कर्नाटक शास्त्रीय संगीत, ग़ज़ल, सूफ़ी और लोक गायन की प्रस्तुतियाँ होंगी। डॉ. एन. राजम, पं. साजन मिश्रा, परवीन सुल्ताना, अश्विनी भिड़े, उषा उथुप, मनोज तिवारी, अनुपमा भागवत, उस्मान मीर, मंजरी चतुर्वेदी और कई अन्य दिग्गज कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे।
साहित्यिक सत्रों में इतिहासकार सोहेल हासमी, कलाकार जतिन दास, फिल्मकार अनुभव सिन्हा, आलोचक शैलजा खन्ना और पत्रकार राजेश बादल व शशि केसवानी विचार-विमर्श करेंगे।
इसके साथ ही मुशायरे में शीन काफ़ निज़ाम, फरहत एहसास, शकील आज़मी और डॉ. नुसरत मेहदी जैसे प्रतिष्ठित शायर शिरकत करेंगे।
प्रेस वार्ता में रीच के महासचिव आर.के. सिंह के साथ संयुक्त सचिव विजयश्री जोशी, शिल्प निदेशक सुनील वर्मा, संचालन प्रमुख प्रदीप मैथल, मीडिया प्रभारी प्रियंवदा अय्यर और अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
