---Advertisement---

धारे पर स्नान बना जानलेवा, पौड़ी में गुलदार के हमले से युवक की मौत

By: Naveen Joshi

On: Friday, January 16, 2026 7:04 AM

Google News
Follow Us
---Advertisement---

देहरादून/पौड़ी। गुलदार के हमले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताज़ा मामला इडवालस्यूं पट्टी क्षेत्र के ग्राम पंचायत बाड़ा से सामने आया है, जहां गुलदार ने एक व्यक्ति पर हमला कर उसकी जान ले ली। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल व्याप्त है, जबकि ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।

मकर संक्रांति पर स्नान के दौरान हमला

प्राप्त जानकारी के अनुसार नेपाल मूल का युवक लक्ष्मण बहादुर (45 वर्ष) मकर संक्रांति के अवसर पर शुक्रवार सुबह करीब छह बजे गांव के समीप स्थित पानी के धारे में स्नान करने गया था। इसी दौरान सड़क किनारे घात लगाए बैठे गुलदार ने अचानक उस पर हमला कर दिया।

गुलदार युवक को घसीटते हुए झाड़ियों में ले गया और उसे अपना निवाला बना लिया। कुछ समय बाद झाड़ियों से युवक का आधा खाया हुआ शव बरामद हुआ, जिसमें सिर और सीने का हिस्सा गुलदार द्वारा खाए जाने की पुष्टि हुई है।

देर तक नहीं लौटा तो शुरू हुई तलाश

स्थानीय निवासी भास्कर बहुगुणा ने बताया कि लक्ष्मण बहादुर अकेले ही स्नान के लिए गया था। काफी देर तक उसके वापस न लौटने पर साथियों को चिंता हुई। खोजबीन के दौरान धारे के पास खून के धब्बे और गुलदार के पंजों के निशान मिले। कुछ दूरी पर झाड़ियों में युवक का शव पड़ा मिला।

ग्रामीणों में आक्रोश, प्रशासन पर उठे सवाल

घटना के बाद ग्रामीणों में रोष है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से गुलदार की सक्रियता की शिकायतें की जा रही थीं, लेकिन प्रशासन और वन विभाग द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई है और घटना की जांच की जा रही है।

स्कूल जाने वाले बच्चों पर भी मंडरा रहा खतरा

ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल खुल चुके हैं, लेकिन गुलदार के आतंक के चलते बच्चों का स्कूल आना-जाना और ग्रामीणों का खेतों में जाना बेहद जोखिम भरा हो गया है। लोग भय के साए में जीवन बिताने को मजबूर हैं।

आदमखोर घोषित कर शूट करने की मांग

ग्रामीणों ने गुलदार को आदमखोर घोषित करने और उसे शूट करने के आदेश जारी करने की मांग की है। साथ ही क्षेत्र में शूटर की तैनाती की मांग भी उठाई जा रही है, ताकि लोगों को इस भय से राहत मिल सके।

For Feedback - feedback@example.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment