Prabhat Chingari
उत्तराखंडधर्म–संस्कृतियात्रा

शिवरात्रि पर बड़ा ऐलान: 22 अप्रैल से शुरू होंगे बाबा केदार के दर्शन

 

देहरादून/उखीमठ/रुद्रप्रयाग,  ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग श्री केदारनाथ धाम के कपाट यात्रा वर्ष 2026 में 22 अप्रैल को वृष लग्न में प्रातः 8 बजे श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोले जाएंगे। शिवरात्रि के पावन अवसर पर आज पूर्वाह्न परंपरानुसार शीतकालीन गद्दीस्थल श्री ओंकारेश्वर मंदिर, उखीमठ में पंचांग गणना के उपरांत कपाटोद्घाटन की तिथि विधिवत घोषित की गई।

इस अवसर पर केदारनाथ रावल भीमाशंकर लिंग, केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल, श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, उपाध्यक्ष विजय कपरवाण, मुख्य कार्याधिकारी विजय प्रसाद थपलियाल सहित मंदिर समिति सदस्य, धर्माचार्य, जनप्रतिनिधि, वेदपाठी, पंचगाई हक-हकूकधारी एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान भगवान श्री केदारनाथ जी की पंचमुखी डोली के केदारनाथ प्रस्थान की तिथियां भी घोषित की गईं। 18 अप्रैल को उखीमठ में भैरवनाथ जी की पूजा-अर्चना संपन्न होगी। 19 अप्रैल को पंचमुखी डोली फाटा के लिए प्रस्थान करेगी, 20 अप्रैल को गौरीकुंड में द्वितीय पड़ाव होगा तथा 21 अप्रैल को डोली श्री केदारनाथ धाम पहुंचेगी। 22 अप्रैल को प्रातः 8 बजे कपाट विधिवत रूप से खोल दिए जाएंगे।

शिवरात्रि के अवसर पर श्री ओंकारेश्वर मंदिर को लगभग साढ़े नौ क्विंटल फूलों से भव्य रूप से सजाया गया। दानीदाताओं द्वारा भंडारे आयोजित किए गए और सैकड़ों श्रद्धालुओं ने दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया। मंदिर परिसर ‘जय श्री केदार’ के उद्घोष से भक्तिमय हो उठा।

बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कपाट खुलने की तिथि घोषित होने पर देश-विदेश के श्रद्धालुओं को शिवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए चारधाम यात्रा के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि श्री केदारनाथ धाम की यात्रा आस्था, परंपरा और स्थानीय आजीविका का समन्वित स्वरूप है, जिसमें हक-हकूकधारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। समिति परंपराओं एवं अधिकारों के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में आगामी चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धालु-हितैषी बनाने के लिए समिति राज्य सरकार एवं प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य कर रही है।

मुख्य कार्याधिकारी विजय प्रसाद थपलियाल ने बताया कि श्री बदरीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल को खोले जाएंगे। दोनों धामों की तिथि घोषित होते ही यात्रा तैयारियों को गति प्रदान कर दी गई है। मंदिर समिति के कार्यालयों एवं विश्राम गृहों का निरीक्षण भी जारी है।

यात्रा वर्ष में श्री केदारनाथ धाम में एम.टी. गंगाधर मुख्य पुजारी का दायित्व संभालेंगे। श्री मदमहेश्वर धाम हेतु शिवशंकर लिंग पूजा व्यवस्था का दायित्व संभालेंगे, जबकि पुजारी बागेश लिंग अतिरिक्त व्यवस्था में रहेंगे। शिवरात्रि अवसर पर मुजफ्फरनगर निवासी अभिनव सुशील द्वारा मंदिर सज्जा में विशेष सहयोग प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में जिलापंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष ऐश्वर्या रावत, चारधाम यात्रा मुख्य सलाहकार बी.डी. सिंह, उपजिलाधिकारी अनिल रावत, नगरपंचायत अध्यक्ष कुब्जा पुष्पवान, ब्लॉक प्रमुख पंकज शुक्ला, श्री केदार सभा अध्यक्ष राजकुमार तिवारी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी, हक-हकूकधारी, तीर्थ पुरोहित समाज एवं सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।

 

 

Related posts

मुख्य सचिव ने महात्मा गांधी व लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर अर्पित की श्रद्धांजलि

cradmin

बच्चों के सर्वांगीण विकास हेतु शिक्षा के साथ संस्कार और सेवाभाव जरूरी : मुख्यमंत्री धामी

cradmin

गुरु पूर्णिमा पर्व पर श्री दरबार साहिब में भक्ति और श्रद्धा का अद्भुत संगम…

cradmin

बीकेटीसी अध्यक्ष अजेंद्र ने स्वामी प्रसाद मौर्य के बयान को मानसिक दिवालियापन करार दिया

prabhatchingari

सूचना विभाग की झांकी को मिला पहला स्थान

prabhatchingari

इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा घोटाले में निलंबित 20 इंस्पेक्टर एक साल बाद बहाल

prabhatchingari

Leave a Comment