वोदेहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय से समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न पेंशन योजनाओं के लाभार्थियों के बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डी.बी.टी.) प्रणाली के माध्यम से दिसंबर माह की पेंशन किश्त जारी की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेश के 09 लाख 43 हजार 964 लाभार्थियों के खातों में कुल 140 करोड़ 26 लाख 97 हजार रुपये की धनराशि ऑनलाइन हस्तांतरित की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार समाज के कमजोर वर्गों—वृद्धजनों, विधवाओं, दिव्यांगजनों एवं निराश्रित व्यक्तियों—के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तीकरण के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पारदर्शी शासन व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से सभी प्रकार के भुगतान डी.बी.टी. प्रणाली के माध्यम से सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में किए जा रहे हैं, जिससे समयबद्धता के साथ-साथ पारदर्शिता भी सुनिश्चित हुई है।
मुख्यमंत्री ने समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वृद्धावस्था पेंशन के लिए 60 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले पात्र व्यक्तियों का 59 वर्ष की आयु से ही पूर्व-चिन्हीकरण किया जाए, ताकि पात्रता प्राप्त होते ही उन्हें बिना विलंब पेंशन का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को बिना किसी कठिनाई के योजनाओं का लाभ प्राप्त हो।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि पेंशन योजनाओं के अंतर्गत कोई भी पात्र लाभार्थी वंचित न रहे, इसके लिए नियमित सत्यापन एवं निगरानी व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जाए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनहितकारी योजनाओं के प्रभावी एवं पारदर्शी क्रियान्वयन के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर निदेशक समाज कल्याण डॉ. संदीप तिवारी, अपर सचिव प्रकाश चंद्र सहित समाज कल्याण विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
