उत्तरकाशी, भारतीय मानक ब्यूरो (BIS), देहरादून शाखा द्वारा जनपद उत्तरकाशी में दो दिवसीय “मानक चौपाल” कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। यह जन-जागरूकता अभियान उत्तराखंड के चारधामों में से एक, गंगोत्री धाम के निकट मुखवा ग्राम तथा पुजार गांव के सिद्धेश्वर महादेव मंदिर प्रांगण में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के पहले दिन पुजार गांव में आयोजित चौपाल में गंगोत्री विधानसभा क्षेत्र के विधायक माननीय सुरेश चौहान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने BIS की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रयास ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण जीवनशैली व उपभोक्ता अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाते हैं।
दूसरे दिन मुखवा ग्राम में आयोजित चौपाल में ग्रामवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान संजू एवं ग्राम सचिव श्री सतीश ने BIS टीम का आभार व्यक्त किया और ऐसे कार्यक्रमों को अत्यंत उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी इसके आयोजन की अपेक्षा जताई।
दोनों कार्यक्रमों में कुल मिलाकर 220 से अधिक ग्रामीणों ने सहभागिता की और ISI चिह्नित उत्पादों, हॉलमार्किंग, एवं उपभोक्ता अधिकारों से संबंधित जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर BIS देहरादून के निदेशक एवं प्रमुख सौरभ तिवारी ने दैनिक जीवन में मानकों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि BIS द्वारा विकसित मानक उपभोक्ताओं को सही उत्पाद चुनने में मार्गदर्शन प्रदान करते हैं। उन्होंने सरकारी योजनाओं को मानकों से जोड़ने की आवश्यकता पर भी बल दिया।
कार्यक्रम में BIS की ओर से सहायक निदेशक सौरभ चौरसिया तथा मानक संवर्धन अधिकारी सरिता त्रिपाठी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर ग्रामवासियों ने BIS टीम को इस जनोपयोगी एवं सराहनीय पहल के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
