देहरादून। सूचना निदेशालय में आयोजित समीक्षा बैठक में महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी ने जिला सूचना अधिकारियों को सरकार की जन-कल्याणकारी योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुँचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है कि सरकारी योजनाओं से जुड़ी सभी सूचनाएँ स्पष्ट, सटीक और समय पर जनता तक पहुँचें।
डीजी तिवारी ने अधिकारियों को मीडिया से बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा पत्रकारों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर सूचना कार्यालयों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए स्थानीय मीडिया के साथ सहयोग और संवाद को और अधिक मजबूत बनाया जाए।
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर सरकारी कार्यक्रमों, उपलब्धियों और सक्सेस स्टोरीज का नियमित, संतुलित और तथ्यात्मक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने को कहा। तिवारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी अपुष्ट जानकारी के प्रसारण से बचा जाए और सकारात्मक संचार वातावरण तैयार किया जाए।
डीजी तिवारी ने आपदा सहित अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं की कवरेज के लिए एसओपी तैयार करने, प्रेस सेवा पोर्टल एवं फिल्म शूटिंग अनुमति के सिंगल विंडो सिस्टम के कार्यों को समयबद्ध तरीके से निपटाने पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि विभाग की कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए विभागीय पुनर्गठन का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है तथा रिक्त पदों की पूर्ति हेतु अधियाचन भेजा जा चुका है।
उन्होंने जिला सूचना कार्यालयों की प्रगति और व्यावहारिक समस्याओं की समीक्षा करते हुए आश्वस्त किया कि शासकीय कार्यों के संचालन के लिए बजट की कमी नहीं होने दी जाएगी। साथ ही जिला सूचना कार्यालयों के भवन निर्माण हेतु भूमि चिह्नित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में संयुक्त निदेशक के.एस. चौहान, डॉ. नितिन उपाध्याय, वरिष्ठ वित्त अधिकारी शशि सिंह, उप निदेशक रवि बिजारनियां, मनोज श्रीवास्तव सहित सभी जिला सूचना अधिकारी उपस्थित रहे।
