देहरादून, आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए दून पुलिस ने पूरे जनपद में व्यापक स्तर पर आकस्मिक चेकिंग अभियान चलाया। एसएसपी देहरादून के निर्देशों पर पुलिस की विभिन्न टीमों ने संबंधित क्षेत्राधिकारियों के नेतृत्व में रेलवे स्टेशन, बस अड्डों, मॉल तथा भीड़भाड़ वाले इलाकों में डॉग स्क्वाड और बीडीएस टीम के साथ सघन चेकिंग की।
अभियान के दौरान पुलिस ने संदिग्ध रूप से घूम रहे व्यक्तियों से पूछताछ की तथा उनके सत्यापन संबंधी जानकारी जुटाई। वहीं, रेलवे स्टेशन और बस स्टेशन पर यात्रियों व वाहनों की गहन तलाशी ली गई। मॉल व बाजार क्षेत्रों में पार्किंग स्थलों और अंधेरे स्थानों की विशेष जांच की गई, जहां संभावित संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी गई।
एसएसपी देहरादून ने अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देशित किया है कि नियमित चेकिंग के साथ-साथ समय-समय पर थाना क्षेत्रों में वृहद स्तर पर आकस्मिक चेकिंग अभियान जारी रखा जाए, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि को समय रहते रोका जा सके।
दून पुलिस का यह सघन चेकिंग अभियान निरंतर जारी है।
