---Advertisement---

आवास सचिव ने ली एमडीडीए की पहली समीक्षा बैठक, समयबद्ध कार्यों के निर्देश

By: cradmin

On: Wednesday, January 21, 2026 6:21 PM

Google News
Follow Us
---Advertisement---

 

देहरादून ,मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के स्पष्ट दिशा-निर्देशों के तहत प्रदेश में आवास एवं नगर विकास से जुड़ी योजनाओं को गति देने के उद्देश्य से आवास सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने पदभार ग्रहण करने के बाद मसूरी–देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) की पहली समीक्षा बैठक ली। सचिवालय स्थित अपने कक्ष में आयोजित बैठक में उन्होंने प्राधिकरण की विभिन्न योजनाओं, निर्माणाधीन परियोजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की।

बैठक में आवास सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

चल रही परियोजनाओं की गहन समीक्षा

समीक्षा बैठक में एमडीडीए की सभी गतिमान परियोजनाओं—पार्किंग निर्माण, पार्कों का विकास, आवासीय योजनाएं, बाजार पुनर्विकास सहित अन्य शहरी विकास कार्यों—पर विस्तार से चर्चा की गई। आवास सचिव ने तय समयसीमा के भीतर सभी परियोजनाओं को पूर्ण करने के निर्देश दिए।

मानचित्र स्वीकृति प्रक्रिया होगी सरल और त्वरित

मानचित्र स्वीकृति प्रक्रिया की समीक्षा करते हुए डॉ. आर. राजेश कुमार ने इसे और अधिक सरल, पारदर्शी व समयबद्ध बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे आम नागरिकों और निवेशकों को सुविधा मिलेगी तथा अवैध निर्माण पर भी प्रभावी नियंत्रण संभव हो सकेगा।

स्थलीय निरीक्षण कर स्वयं करेंगे निगरानी

आवास सचिव ने कहा कि वे महत्वपूर्ण और निर्माणाधीन परियोजनाओं का स्वयं स्थलीय निरीक्षण करेंगे, जिससे कार्यों की वास्तविक स्थिति का आकलन कर समस्याओं का समय रहते समाधान किया जा सके।

ऋषिकेश, आढ़त बाजार और इंदिरा मार्केट परियोजनाएं प्राथमिकता में

बैठक में ऋषिकेश, देहरादून तहसील क्षेत्र, आढ़त बाजार और इंदिरा मार्केट से जुड़ी परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। इन सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

पार्कों में गंदगी फैलाने वालों पर लगेगी पेनल्टी

एमडीडीए द्वारा विकसित और संचालित पार्कों के रखरखाव को लेकर सख्त निर्देश देते हुए आवास सचिव ने कहा कि गंदगी फैलाने और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों पर प्रभावी पेनल्टी व्यवस्था लागू की जाए।

मास्टर प्लान व लैंड पूलिंग नीति पर बनेगी विशेष कार्ययोजना

डॉ. आर. राजेश कुमार ने बताया कि प्रदेश के विभिन्न शहरों के लंबित मास्टर प्लान को समयबद्ध रूप से पूरा करने के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार की जाएगी। साथ ही लैंड पूलिंग नीति के तहत लैंड बैंक बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया जाएगा।

अधिकारियों ने दी परियोजनाओं की जानकारी

बैठक से पूर्व एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने आवास सचिव का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। बैठक में वित्त नियंत्रक संजीव कुमार, अधिशासी अभियंता सुनील कुमार, सहायक अभियंता अजय मलिक, सुनील गुप्ता, लेखपाल नजीर अहमद, वास्तुविद दृष्टि जैन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

आवास सचिव का बयान, डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आवास एवं नगर विकास विभाग सभी विकास प्राधिकरणों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करेगा। प्राथमिकता यह है कि विकास योजनाएं समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरी हों।

 

For Feedback - feedback@example.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment