Prabhat Chingari
उत्तराखंडजीवन शैली

विकसित भारत @ 2047 के लक्ष्य पर पीआरएसआई राष्ट्रीय सम्मेलन में गहन मंथन

 

देहरादून। भारत को वर्ष 2047 तक एक विकसित राष्ट्र के रूप में स्थापित करने के लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्रभावी संवाद, सुदृढ़ स्वास्थ्य व्यवस्था, जिम्मेदार मीडिया और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को सबसे अहम आधार बताया गया। पब्लिक रिलेशन सोसाइटी ऑफ इंडिया (पीआरएसआई) के 47वें वार्षिक राष्ट्रीय सम्मेलन के दूसरे दिन “2047 तक भारत को किस तरह विकसित किया जा सकता है” विषय पर आयोजित मंथन में प्रशासन, मीडिया, शिक्षा और जनसंचार क्षेत्र के विशेषज्ञों ने एक स्वर में कहा कि नीतियों के साथ-साथ उनका प्रभावी संप्रेषण सुनिश्चित किए बिना विकसित भारत का सपना साकार नहीं हो सकता। सम्मेलन का दूसरा दिन विचारों के आदान-प्रदान, अनुभवों की साझेदारी और भविष्य की रणनीतियों को तय करने का सशक्त मंच बना। वक्ताओं ने कहा कि तकनीकी प्रगति, डिजिटल गवर्नेंस और जनभागीदारी को मजबूती देने में जनसंचार की भूमिका आने वाले वर्षों में और अधिक निर्णायक होगी।

स्वास्थ्य, विज्ञान और सूचना पर फोकस, दूसरे दिन के पहले सत्र में स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार, अपर सचिव मुख्यमंत्री, महानिदेशक सूचना एवं उपाध्यक्ष एमडीडीए बंशीधर तिवारी तथा यूकॉस्ट के महानिदेशक डॉ. दुर्गेश पंत ने विचार रखे। सत्र का संचालन वरिष्ठ पत्रकार संजीव कंडवाल ने किया। स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए मजबूत और सुलभ स्वास्थ्य व्यवस्था अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड जैसे पहाड़ी और दुर्गम राज्य में टेलीमेडिसिन और डिजिटल हेल्थ सेवाओं ने क्रांतिकारी बदलाव लाया है, जिससे विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाएं दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंच रही हैं। उन्होंने कहा कि स्वस्थ समाज ही सशक्त राष्ट्र की नींव रखता है।

अपर सचिव मुख्यमंत्री बंशीधर तिवारी ने कहा कि सुशासन की सफलता प्रभावी, पारदर्शी और संवेदनशील संचार पर निर्भर करती है। सरकारी योजनाएं तभी सफल होती हैं, जब उनकी सही और समय पर जानकारी जनता तक पहुंचे। उन्होंने डिजिटल सूचना प्रणाली और सोशल मीडिया के माध्यम से जनसंपर्क को और मजबूत करने पर जोर दिया। इस अवसर पर उन्होंने उत्तराखंड के 25 वर्षों के विकास की तस्वीर पेश करते हुए बताया कि प्रदेश में धार्मिक पर्यटन में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। इस वर्ष चारधाम यात्रा में 50 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचे, जबकि आदि कैलास, जागेश्वर धाम, कैंची धाम और मानस खंड मंदिरमाला को भी विकसित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में प्रति व्यक्ति आय और जीडीपी में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में पहाड़ों में रिवर्स माइग्रेशन को बढ़ावा देने के लिए 35 स्वरोजगार नीतियां लागू की गई हैं। यूकॉस्ट के महानिदेशक डॉ. दुर्गेश पंत ने कहा कि विज्ञान, नवाचार और अनुसंधान विकसित भारत की आधारशिला हैं। युवाओं को वैज्ञानिक सोच अपनाने के लिए प्रेरित करते हुए उन्होंने विज्ञान संचार के माध्यम से शोध को समाज से जोड़ने पर बल दिया। सत्र के मॉडरेटर संजीव कंडवाल ने कहा कि मीडिया, शासन और समाज के बीच संवाद की महत्वपूर्ण कड़ी है। जिम्मेदार, तथ्यपरक और संतुलित पत्रकारिता से ही लोकतंत्र मजबूत होता है और जनविश्वास कायम रहता है।

 मीडिया, शिक्षा और लोकतंत्र पर संवाद, सम्मेलन के दूसरे सत्र में लोक सूचना विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. नितिन उपाध्याय, सीआईएमएस कॉलेज के चेयरमैन ललित मोहन जोशी, एनडीटीवी नई दिल्ली के सीनियर एडिटर डॉ. हिमांशु शेखर, न्यूज 18 के एडिटर अनुपम त्रिवेदी तथा आईआईएमसी नई दिल्ली की प्रोफेसर डॉ. सुरभि दहिया ने सहभागिता की।

डॉ. नितिन उपाध्याय ने कहा कि सूचना का प्रभावी प्रसार शासन की सफलता की कुंजी है। डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से सरकारी योजनाओं और नीतियों को तेजी और पारदर्शिता के साथ जनता तक पहुंचाया जा रहा है।

ललित मोहन जोशी ने कहा कि शिक्षा और मीडिया का समन्वय समाज को जागरूक और सशक्त बनाता है। उन्होंने प्रोफेशनल शिक्षा में नैतिक मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारी को शामिल करने पर जोर देते हुए युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील की।

डॉ. हिमांशु शेखर ने डिजिटल युग में फेक न्यूज को बड़ी चुनौती बताते हुए कहा कि मीडिया की सबसे बड़ी जिम्मेदारी सूचना की विश्वसनीयता बनाए रखना है।

अनुपम त्रिवेदी ने कहा कि मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और इसकी भूमिका लगातार बढ़ रही है। खबरों की गति के साथ-साथ उनकी सटीकता और प्रभाव भी उतने ही महत्वपूर्ण हैं।

डॉ. सुरभि दहिया ने कहा कि संचार शिक्षा का उद्देश्य केवल पेशेवर तैयार करना नहीं, बल्कि जिम्मेदार और नैतिक नागरिक बनाना होना चाहिए। डिजिटल स्किल्स, नैतिक पत्रकारिता और सामाजिक समझ के साथ छात्रों को प्रशिक्षित करना समय की मांग है।

संवाद से ही साकार होगा विकसित भारत का सपना

सम्मेलन के दूसरे दिन यह स्पष्ट रूप से सामने आया कि विकसित भारत @ 2047 का लक्ष्य केवल नीतियों या संसाधनों से नहीं, बल्कि प्रभावी संवाद, जिम्मेदार मीडिया, मजबूत स्वास्थ्य व्यवस्था और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से ही हासिल किया जा सकता है। पीआरएसआई का यह राष्ट्रीय सम्मेलन विचारों के आदान-प्रदान और भविष्य की दिशा तय करने में एक महत्वपूर्ण मंच साबित हुआ।

Related posts

10 हजार प्रतियोगियों को मिलेगा निःशुल्क कोचिंग योजना का लाभ…

cradmin

हेमंत द्विवेदी बने श्री बदरीनाथ – केदारनाथ मंदिर समिति अध्यक्ष

prabhatchingari

दून अस्पताल के डॉ अमर उपाध्याय ने मां- शिशु की बचाई जिंदगी

prabhatchingari

सीमांत जिलों में आपदा प्रबंधन, स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़ी जानकारी और प्रशिक्षण के लिए नवाचार केन्द्र बनेंगे…

cradmin

आमजन को सुरक्षा का अहसास कराती दून पुलिस

cradmin

BJP व कांग्रेस को मात देगा निर्दलीय प्रत्याशी ? भारूवाला ग्रांट वार्ड 79 में रोचक मुकाबला

prabhatchingari

Leave a Comment