---Advertisement---

रसोई गैस के बढ़ते दामों से गरीब का चूल्हा बुझाने का काम कर रही मोदी सरकार : ज्योति रौतेला

By: Naveen Joshi

On: Thursday, March 12, 2026 6:58 PM

Google News
Follow Us
---Advertisement---

 

देहरादून। केंद्र सरकार द्वारा रसोई गैस के दामों में की गई बढ़ोतरी को लेकर प्रदेश महिला कांग्रेस ने कड़ा विरोध दर्ज किया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय देहरादून में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई से आम जनता का जीवन प्रभावित हो रहा है और रसोई गैस के बढ़ते दामों ने गरीब व मध्यम वर्गीय परिवारों का घरेलू बजट बिगाड़ दिया है।

उन्होंने कहा कि जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें निम्न स्तर पर थीं, तब भाजपा सरकार ने पेट्रोल-डीजल की कीमतों में राहत क्यों नहीं दी। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में महंगाई और आर्थिक संकट जैसे गंभीर मुद्दों पर चर्चा से भी केंद्र सरकार बच रही है।

ज्योति रौतेला ने कहा कि वर्तमान समय में देशभर में रसोई गैस की उपलब्धता और कीमतों को लेकर लोगों में चिंता का माहौल है। इसके बावजूद केंद्र सरकार स्पष्ट रूप से सामने आकर स्थिति स्पष्ट नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई के कारण आम जनता की परेशानियां बढ़ती जा रही हैं और आवश्यक वस्तुओं के दाम आम लोगों की पहुंच से दूर होते जा रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 12 वर्षों में रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में भारी वृद्धि हुई है, जिससे गरीब और निम्न आय वर्ग के परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ा है। रौतेला ने कहा कि आज फल, सब्जियां, दालें और अन्य जरूरी वस्तुओं के दाम भी लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे आम आदमी का जीवन यापन मुश्किल हो गया है।

प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार महंगाई पर नियंत्रण पाने में असफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार बड़े औद्योगिक घरानों को लाभ पहुंचाने की नीतियां अपना रही है, जबकि आम जनता महंगाई की मार झेलने को मजबूर है।

उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि रसोई गैस की कीमतों में तत्काल कमी की जाए और महंगाई पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि आम जनता को राहत मिल सके। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार इस दिशा में जल्द प्रभावी कदम नहीं उठाती है तो कांग्रेस पार्टी जनता के हित में लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।

पत्रकार वार्ता में प्रदेश उपाध्यक्ष नजमा खान, महानगर अध्यक्ष उर्मिला थापा ढौंडियाल, उपाध्यक्ष चन्द्रकला नेगी, जिलाध्यक्ष पूनम सिंह, प्रदेश महासचिव अनुराधा तिवाड़ी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

For Feedback - feedback@example.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment