देहरादून, डालनवाला क्षेत्र में घटित गोलीकांड की गंभीर घटना के परिप्रेक्ष्य में पुलिस महानिरीक्षक, गढ़वाल परिक्षेत्र श्री राजीव स्वरूप ने बुधवार को घटनास्थल पर पहुंचकर विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मौके की परिस्थितियों, उपलब्ध भौतिक एवं तकनीकी साक्ष्यों तथा अब तक की गई पुलिस कार्रवाई की गहन समीक्षा की।
पुलिस महानिरीक्षक ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, देहरादून को निर्देशित किया कि घटना में संलिप्त आरोपियों की शीघ्र पहचान सुनिश्चित करते हुए विशेष टीमों का गठन किया जाए तथा गिरफ्तारी के लिए सभी आवश्यक विधिक, तकनीकी एवं सर्विलांस संसाधनों का प्रभावी उपयोग किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराधियों को अतिशीघ्र गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस रणनीति तैयार की जाए।
संवेदनशील घटना को देखते हुए परिक्षेत्रीय कार्यालय में जनपद देहरादून के समस्त क्षेत्राधिकारियों (सीओ) के साथ एक उच्चस्तरीय गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में हाल के दिनों में घटित आपराधिक घटनाओं की समीक्षा करते हुए उनके त्वरित अनावरण एवं प्रभावी रोकथाम के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
आईजी गढ़वाल ने निर्देश दिए कि सभी क्षेत्राधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित भ्रमणशील रहें तथा पुलिस बल की सक्रिय उपस्थिति सुनिश्चित करें। अधीनस्थ थाना एवं चौकी प्रभारियों को नियमित रूप से ब्रीफ कर कानून व्यवस्था के प्रति सतर्क बनाए रखा जाए। जिन विवादित मामलों से शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका हो, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर लेकर क्षेत्राधिकारी स्वयं निकट पर्यवेक्षण में उनका निस्तारण सुनिश्चित करें।
संदिग्ध व्यक्तियों की धरपकड़ के लिए नियमित एवं आकस्मिक चेकिंग अभियान चलाने, आपसी रंजिश, भूमि विवाद अथवा अन्य संवेदनशील मामलों में समय रहते निरोधात्मक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाले मामलों में तत्काल संज्ञान लेकर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा अफवाहों एवं भ्रामक सूचनाओं पर प्रभावी नियंत्रण रखने हेतु सोशल मीडिया मॉनिटरिंग को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस महानिरीक्षक ने क्षेत्राधिकारियों को समय-समय पर अपने क्षेत्र के बैंकों की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करने तथा विद्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों में जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर सुरक्षा एवं साइबर अपराध संबंधी जानकारी देने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी क्षेत्र में इस प्रकार की आपराधिक घटनाओं की पुनरावृत्ति होने पर संबंधित थानाध्यक्ष, चौकी प्रभारी के साथ-साथ क्षेत्राधिकारी की जवाबदेही भी निर्धारित की जाएगी।
आईजी गढ़वाल ने सभी अधिकारियों को कानून व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने, आमजन में सुरक्षा की भावना स्थापित करने तथा अपराधियों के विरुद्ध कठोर एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने हेतु पूर्ण सतर्कता एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
