देहरादून, पुलिस महानिदेशक उत्तराखंड पुलिस के निर्देशानुसार जनपद में आपराधिक पृष्ठभूमि छिपाकर रह रहे संदिग्ध एवं बाहरी व्यक्तियों के विरुद्ध 15 फरवरी 2026 से एक माह का सघन सत्यापन अभियान ‘ऑपरेशन क्रैक डाउन’ चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशों पर दून पुलिस अलर्ट मोड पर है। सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में पुलिस टीमें गठित कर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जनपद के नगर एवं देहात क्षेत्रों में सुबह से ही पुलिस की अलग-अलग टीमों द्वारा वृहद स्तर पर सत्यापन अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश के साथ बाहरी नागरिकों का भौतिक सत्यापन किया गया।
अभियान के तहत कुल 2186 बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन किया गया। अनियमितता पाए जाने एवं किरायेदार सत्यापन न कराने पर 191 व्यक्तियों के विरुद्ध 83 पुलिस अधिनियम के तहत चालान करते हुए 19 लाख 10 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।
इसके अतिरिक्त 28 संदिग्ध व्यक्तियों को थाने लाकर पूछताछ की गई तथा 55 व्यक्तियों के विरुद्ध 81 पुलिस एक्ट के अंतर्गत चालानी कार्रवाई करते हुए 13,250 रुपये का जुर्माना किया गया।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त कार्रवाई आगे भी की जाएगी।
अभियान के दौरान की गई कार्रवाई का विवरण:
सत्यापन किए गए व्यक्तियों की संख्या – 2186
83 पुलिस एक्ट में चालान – 191
83 पुलिस एक्ट में वसूला गया जुर्माना – ₹19,10,000
81 पुलिस एक्ट में चालान – 55
81 पुलिस एक्ट में वसूला गया जुर्माना – ₹13,250
थाने लाए गए संदिग्ध व्यक्ति – 28
