Prabhat Chingari
उत्तराखंडधर्म–संस्कृतियात्रा

अतिथि देवो भवः’ के संकल्प के साथ चारधाम यात्रा की तैयारियाँ शुरू

 

देहरादून, आगामी चारधाम यात्रा 2026 के सफल, सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित संचालन को लेकर तैयारियाँ तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में गढ़वाल आयुक्त  विनय शंकर पांडेय ने  ट्रांजिट कैंप, ऋषिकेश में होटल एसोसिएशन, टूर एंड ट्रेवल्स यूनियन तथा डंडी-कंडी संचालकों के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर यात्रा प्रबंधन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की। बैठक में गढ़वाल पुलिस महानिरीक्षक श्री राजीव स्वरूप भी उपस्थित रहे।

आयुक्त ने कहा कि  मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के संकल्प ‘अतिथि देवो भवः’ के अनुरूप यात्रा की व्यापक तैयारियाँ की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि गंगोत्री धाम एवं यमुनोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया के अवसर पर 19 अप्रैल 2026 को खुलेंगे, जबकि केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल 2026 तथा बद्रीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल 2026 को श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोले जाएंगे।

बैठक में विभिन्न स्टेकहोल्डर्स द्वारा यात्रा के दौरान आने वाली व्यवहारिक समस्याओं एवं सुझावों को प्रस्तुत किया गया। आयुक्त ने कहा कि सभी सुझावों पर गंभीरता से विचार करते हुए समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। होटल एसोसिएशन, टूर एंड ट्रेवल्स यूनियन तथा डंडी-कंडी संचालकों की समस्याओं के समाधान हेतु अपर आयुक्त की अध्यक्षता में समिति का गठन किया गया है। समिति की संस्तुतियाँ प्राप्त होते ही एक-दो दिवस के भीतर आवश्यक निर्णय लेते हुए पंजीकरण प्रक्रिया प्रारंभ करने का प्रयास किया जाएगा।

होटल एसोसिएशन की मांग पर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि इस वर्ष यात्रियों की संख्या पर कोई सीमा निर्धारित नहीं की जाएगी, किंतु प्रत्येक यात्री के लिए पंजीकरण अनिवार्य रहेगा। फर्जी पंजीकरण पर रोक लगाने हेतु न्यूनतम पंजीकरण शुल्क निर्धारित किया जाएगा तथा प्रक्रिया को सरल, सुगम एवं पारदर्शी बनाया जाएगा।

टूर एंड ट्रेवल्स यूनियन की मांग पर आयुक्त ने निर्देश दिए कि यात्रा में स्थानीय वाहनों को प्राथमिकता दी जाएगी। परिवहन विभाग को निजी वाहनों द्वारा अवैध रूप से सवारी ढोने पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अधिकृत वाहन संचालकों के हितों की रक्षा एवं यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। जिन होटलों में यात्री ठहरेंगे, वहीं उनके वाहनों की पार्किंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

डंडी-कंडी संचालकों के साथ हुई वार्ता में आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को उनके पंजीकरण, सत्यापन एवं शुल्क निर्धारण की प्रक्रिया को समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

बैठक में यह भी सुझाव दिया गया कि चारों धाम की यात्रा करने वाले तीर्थयात्रियों को प्राथमिकता दी जाए, होटल बुकिंग वाले यात्रियों को वरीयता प्रदान की जाए तथा पंजीकरण प्रणाली को और अधिक सुगम बनाया जाए। बाहरी ट्रेवल एजेंसियों के वाहनों पर नियंत्रण एवं अवैध संचालन पर प्रभावी कार्रवाई की मांग भी उठाई गई।

गढ़वाल आयुक्त ने सभी स्टेकहोल्डर्स को आश्वस्त किया कि उनके महत्वपूर्ण सुझावों को अमल में लाकर चारधाम यात्रा 2026 को सरल, सुगम एवं सुरक्षित बनाया जाएगा तथा श्रद्धालुओं को बेहतर यात्रा अनुभव प्रदान करने के लिए प्रशासन प्रतिबद्ध है।

बैठक में पुलिस महानिरीक्षक  राजीव स्वरूप, जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग  विशाल मिश्रा, अपर आयुक्त प्रशासन  उत्तम सिंह चौहान, सभागीय परिवहन अधिकारी देहरादून  संदीप सैनी, उप निदेशक पर्यटन  अमित लोहनी सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी सोबन सिह राणा अध्यक्ष यमुना घाटी होटल एसोसिएशन यमुनोत्री यशपाल राणा जसपाल परमार , रणजीत रावत , नीतीश रमोला , अनिल कुमार जी बिनय चौहान , मनदीप राणा एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related posts

मुख्य सचिव ने ली कार्बन क्रेडिट के सम्बन्ध में बैठक

cradmin

अमर शहीद शिशिर मलल द्वार निर्माण के कार्य का हुआ शुभारंभ

prabhatchingari

धर्म की ओर उन्मुख होने के लिए चातुर्मास एक प्रभावी माध्यम: आचार्य सौरभसागर महाराज

cradmin

गब्बर सिंह नेगी हमारे गौरव हैं – ऋतु खण्डूडी भूषण*

prabhatchingari

भगवान नृसिंह का धूमधाम से मनाया गया प्रकटोत्सव

prabhatchingari

यमुना घाटी आपदा पर सीएम से मिले मनवीर चौहान, प्रभावितों की हर संभव मदद का आश्वासन

cradmin

Leave a Comment