दिसंबर में देहरादून बनेगा जनसंपर्क का केंद्र — होगा पीआरएसआई का राष्ट्रीय सम्मेलन
देहरादून। पब्लिक रिलेशन्स सोसायटी ऑफ इंडिया (PRSI) देहरादून चैप्टर द्वारा आयोजित होने वाले 47वें ऑल इंडिया पब्लिक रिलेशन्स कॉन्फ्रेंस – 2025 के ब्रोशर का विमोचन राज्यसभा सांसद श्री नरेश बंसल ने किया। यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मेलन आगामी 13 से 15 दिसंबर 2025 तक देहरादून में आयोजित होगा। सम्मेलन का विषय रखा गया है — “विकसित भारत @ 2047 के लिए जनसंपर्क विज़न”।
विमोचन अवसर पर सांसद श्री बंसल ने कहा कि जनसंपर्क समाज, सरकार और जनता के बीच संवाद का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि जनसंपर्क केवल सूचना के आदान-प्रदान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह विश्वास, सहभागिता और सकारात्मक सोच के माध्यम से विकास की दिशा निर्धारित करने का माध्यम बन चुका है।
सांसद बंसल ने कहा कि उत्तराखंड अपनी स्थापना के 25 वर्ष पूरे कर रहा है, ऐसे में देहरादून में इस स्तर का आयोजन होना गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन राज्य के जनसंपर्क पेशेवरों को नई पहचान देगा और युवा संचारकर्मियों को सीखने-समझने का एक बड़ा अवसर प्रदान करेगा।
पीआरएसआई देहरादून चैप्टर के पदाधिकारियों ने बताया कि यह तीन दिवसीय सम्मेलन देशभर से आने वाले जनसंपर्क विशेषज्ञों, मीडिया प्रतिनिधियों, कॉर्पोरेट प्रोफेशनल्स और शिक्षाविदों की सहभागिता में आयोजित होगा। सम्मेलन के दौरान जनसंपर्क के बदलते स्वरूप, डिजिटल संचार की भूमिका और लोक-संपर्क के नए आयामों पर व्यापक विचार-विमर्श किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सम्मेलन का उद्देश्य जनसंपर्क के क्षेत्र में नवाचारों, सफल पहलों और भविष्य की रणनीतियों को साझा करना है, ताकि भारत@2047 के दृष्टिकोण को साकार करने में जनसंपर्क की भूमिका को और सशक्त बनाया जा सके।
विमोचन कार्यक्रम में पीआरएसआई देहरादून चैप्टर के अध्यक्ष रवि बिजारनियां, सचिव अनिल सती, कोषाध्यक्ष सुरेश चंद्र भट्ट, सदस्य अनिल वर्मा, वैभव गोयल, संजय पांडे, नवीन कंडारी, दीपक नौटियाल, सुशील सती एवं सुनील राणा सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।
