देहरादून।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, उत्तराखंड एसटीएफ की सख्त रणनीति के तहत वन्यजीव तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एसटीएफ ने थाना विकासनगर क्षेत्र से दो वन्यजीव तस्करों को गिरफ्तार किया है। अभियुक्तों के कब्जे से एक अदद भालू पित्त (वजन 155 ग्राम) तथा जंगली जानवरों के पांच नाखून बरामद किए गए हैं।पुलिस महानिदेशक उत्तराखंड दीपम सेठ द्वारा राज्य में वन्यजीव अंगों की अवैध तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के निर्देश दिए गए थे। इसके अनुपालन में एसएसपी एसटीएफ श्री नवनीत सिंह भुल्लर ने अपनी टीमों को तस्करी में संलिप्त प्रत्येक व्यक्ति की कुंडली तैयार कर उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसी क्रम में उत्तराखंड एसटीएफ को मैनुअली विकसित सूचना प्राप्त हुई कि विकासनगर क्षेत्र में वन्यजीव अंगों एवं भालू पित्त की अवैध तस्करी की जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद एसटीएफ टीम ने स्थानीय स्रोतों की मदद से कार्रवाई करते हुए विकासनगर से यमुनोत्री जाने वाले मार्ग पर हतीयारी ग्राम से पहले मोटरसाइकिल से आ रहे दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम भगवान सिंह रावत एवं जितेंद्र सिंह पुंडीर बताए। तलाशी के दौरान भगवान सिंह रावत के कब्जे से भालू पित्त तथा जितेंद्र सिंह पुंडीर के पास से जंगली जानवरों के पांच नाखून बरामद हुए।
एसएसपी एसटीएफ नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि भालू पित्त एवं जंगली जानवरों के अंग वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की प्रथम अनुसूची में शामिल हैं और इनका शिकार व तस्करी गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है। दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध थाना विकासनगर, जनपद देहरादून में वन्यजीव संरक्षण अधिनियम (वाइल्ड लाइफ एक्ट) के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत किया गया है।
उन्होंने बताया कि अभियुक्तों से पूछताछ के आधार पर मामले की गहन जांच की जा रही है। यदि किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में वन विभाग से भी समन्वय कर जानकारी जुटाई जा रही है।
एसएसपी एसटीएफ ने आमजन से अपील की है कि यदि कहीं भी वन्यजीव तस्करी की सूचना मिले तो तत्काल निकटतम पुलिस स्टेशन या एसटीएफ उत्तराखंड के हेल्पलाइन नंबर 0135-2656202 पर संपर्क करें। उत्तराखंड एसटीएफ भविष्य में भी वन्यजीव तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखेगी, ताकि बेजुबान वन्यजीवों के शिकार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
1. भगवान सिंह रावत पुत्र सूरज सिंह, निवासी ग्राम कांडेयू, थाना विकासनगर, देहरादून।
2. जितेंद्र सिंह पुंडीर पुत्र स्व. गोविंद सिंह, निवासी ग्राम मदरासु, थाना विकासनगर, जनपद देहरादून।
बरामदगी का विवरण:1 भालू पित्त (वजन 155 ग्राम), 5 नाखून (जंगली जानवर)
