Prabhat Chingari
उत्तराखंडमनोरंजनयात्रा

टिहरी झील बनेगी विश्व में पर्यटन और साहसिक खेलों का प्रमुख केंद्र : मुख्यमंत्री

 

देहरादून/नई टिहरी, पर्यटन, साहसिक खेल, पर्यावरण और संस्कृति के संगम के साथ ‘हिमालयन 0.2 द टिहरी लेक फेस्टिवल’ का भव्य शुभारंभ हो गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को महोत्सव का उद्घाटन करते हुए कहा कि आने वाले समय में टिहरी झील देश ही नहीं बल्कि पूरे विश्व में पर्यटन और साहसिक खेलों का प्रमुख केंद्र बनकर उभरेगी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कोटी कालोनी से नई टिहरी तक रोपवे निर्माण की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र में पर्यटन को नई गति मिलेगी और स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

मुख्यमंत्री ने देश-विदेश से आए खिलाड़ियों और अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि देवभूमि उत्तराखंड आध्यात्मिकता, प्रकृति और लोक संस्कृति का अद्भुत संगम है। यहां की नदियां, पर्वत, झीलें और परंपराएं सदियों से दुनिया भर के लोगों को आकर्षित करती रही हैं। टिहरी झील के तट पर आयोजित यह महोत्सव पर्यटन, खेल और स्थानीय संस्कृति को एक मंच पर लाने का महत्वपूर्ण प्रयास है।

उन्होंने कहा कि हिमालय की गोद में स्थित टिहरी झील प्राकृतिक सौंदर्य का अनूठा उदाहरण है और यह तेजी से साहसिक खेलों के केंद्र के रूप में विकसित हो रही है। यहां आयोजित राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की जल क्रीड़ा प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देने के साथ-साथ उत्तराखंड को वैश्विक खेल मानचित्र पर नई पहचान दिला रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य टिहरी को वाटर स्पोर्ट्स और एडवेंचर स्पोर्ट्स का प्रमुख केंद्र बनाना है। इसके लिए झील में कयाकिंग, कैनोइंग, जेट-स्की, पैरासेलिंग, स्कूबा डाइविंग सहित विभिन्न साहसिक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है और आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार के साथ ही राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने के अवसर मिलेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उत्तराखंड से विशेष भावनात्मक लगाव है और उनके मार्गदर्शन में राज्य में पर्यटन व साहसिक खेलों को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण पहल की गई हैं। उन्होंने आदि कैलाश में आयोजित राज्य की पहली हाई-एल्टीट्यूड मैराथन, माणा में एमटीबी चैलेंज तथा एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी जैसे बड़े आयोजनों का भी उल्लेख किया।

उन्होंने बताया कि टिहरी क्षेत्र के समग्र विकास के लिए लगभग 1300 करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। इनमें टिहरी झील का विकास, रिंग रोड निर्माण तथा तिमाड़ गांव को पर्यटन ग्राम के रूप में विकसित करने जैसे प्रमुख कार्य शामिल हैं। साथ ही भिलंगना विकासखंड की सुनारगांव ग्राम पंचायत को आदर्श ग्राम के रूप में विकसित किया जा रहा है और पारंपरिक पहाड़ी शैली में नया आंगनबाड़ी भवन भी बनाया जा रहा है।

कोटी-डोबरा पर्यटन मार्ग का शिलान्यास

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने रिमोट के माध्यम से कोटी-डोबरा पर्यटन मार्ग का वर्चुअल शिलान्यास भी किया। एशियन डेवलपमेंट बैंक के सहयोग से बनने वाले इस मार्ग की लागत लगभग 318 करोड़ रुपये है और इसकी लंबाई करीब 15 किलोमीटर होगी।

नौ मार्च तक होंगी विभिन्न गतिविधियां

टिहरी लेक फेस्टिवल के तहत नौ मार्च तक साहसिक खेलों, पर्यटन गतिविधियों और लोक संस्कृति से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह, विधायक किशोर उपाध्याय, विक्रम सिंह नेगी, विनोद कंडारी, शक्तिलाल शाह, पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष संजय नेगी, जिला पंचायत अध्यक्ष इशिता सजवाण, जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल, नगर पालिका परिषद नई टिहरी के अध्यक्ष मोहन सिंह रावत सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री का कार्यक्रम स्थल पर पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया तथा उन्होंने देवडोलियों से आशीर्वाद भी प्राप्त किया।

 

Related posts

ओला ने ‘दिसंबर टू रिमेम्बर’ अभियान के साथ शानदार ऑफर पेश किए

prabhatchingari

श्री महंत इन्दिरेश में हृदय रोगियों के लिए इलक्ट्रोफिजियोलॉजी सुपर स्पेशलिटी उपचार शुरू

prabhatchingari

सूबे के नर्सिंग कॉलेजों में पूर्व की भांति रहेगी प्रवेश प्रक्रिया

cradmin

उद्धव ठाकरे का जन्मदिन सेवा कार्यों के साथ मनाया

cradmin

राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय गोपेश्वर के अर्थशास्त्र विभाग द्वारा सतत विकास पर हुआ कार्यशाला का आयोजन

prabhatchingari

आपदा से क्षतिग्रस्त परिसम्पत्तियों की मरम्मत और जन सामान्य की परेशानियों को दूर करने में मिलेगी मदद

prabhatchingari

Leave a Comment